Bihar Train News: छठ के बाद ड्यूटी पर लौटने वालों की बढ़ी मुश्किलें, पटना-दानापुर में ट्रेनें 27 घंटे तक लेट

Bihar Train News: छठ महापर्व संपन्न होने के बाद रोजी-रोजगार और कामकाज के सिलसिले में दूसरे शहरों को लौट रहे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

Bihar Train News
छठ के बाद ड्यूटी पर लौटने वालों की बढ़ी मुश्किलें- फोटो : X

Bihar Train News:  छठ महापर्व संपन्न होने के बाद रोजी-रोजगार और कामकाज के सिलसिले में दूसरे शहरों को लौट रहे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पटना जंक्शन और दानापुर स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों की लेटलतीफी ने मुसाफिरों का सब्र तोड़ दिया है। हालात ऐसे हैं कि कई पूजा स्पेशल ट्रेनें पांच से लेकर 27 घंटे से भी ज्यादा की देरी से चल रही हैं। यात्रियों की सहूलियत के लिए शुरू की गई विशेष गाड़ियां ही अब उनके लिए परेशानी और लंबे इंतजार की वजह बन गई हैं। नियमित एक्सप्रेस, सुपरफास्ट और मेमू ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित है।

दानापुर स्टेशन पर विलंबित ट्रेनों की फेहरिस्त काफी लंबी है। 05534 हडपसर-दरभंगा छठ पूजा स्पेशल सबसे ज्यादा 27 घंटे 21 मिनट की देरी से चल रही है। वहीं 05540 मुंबई एलटीटी-जयनगर स्पेशल 22 घंटे 21 मिनट और 01019 मुंबई एलटीटी-सहरसा स्पेशल 19 घंटे 28 मिनट लेट है। 07008 रक्सौल-चर्लापल्ली स्पेशल भी 17 घंटे 59 मिनट की देरी से चल रही है। पुणे-दानापुर स्पेशल 14 घंटे 13 मिनट और नई दिल्ली-पटना अमृत भारत स्पेशल करीब नौ घंटे विलंबित है।

पटना जंक्शन पर भी यात्रियों को राहत नहीं मिल रही है। आनंद विहार-पटना फेस्टिवल स्पेशल 9 घंटे 15 मिनट, नई दिल्ली-पटना अमृत भारत स्पेशल 8 घंटे 57 मिनट और बिलासपुर-बक्सर सुपरफास्ट 8 घंटे 52 मिनट की देरी से चल रही है। दरभंगा-मैसूरु फेस्टिवल स्पेशल 7 घंटे 36 मिनट, हटिया-पूर्णिया कोर्ट कोसी एक्सप्रेस 6 घंटे 24 मिनट और गोंदिया-पटना फेस्टिवल स्पेशल 5 घंटे 7 मिनट विलंबित है। ब्रह्मपुत्र मेल भी पांच घंटे से अधिक लेट है।

लोकल ट्रेनों की रफ्तार भी थमी हुई है। गया-पाटलिपुत्र फास्ट मेमू 1 घंटे 38 मिनट, डीडीयू-पटना मेमू 1 घंटे 12 मिनट और गया-पटना पैसेंजर एक घंटे देर से चल रही है। विक्रमशिला एक्सप्रेस भी 42 मिनट विलंबित है। इससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।