Bihar Crime: निगरानी का बड़ा एक्शन, MDM का DPM घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, घूसखोर अफसरों में हड़कंप
Bihar Crime: भागलपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। ...
Bihar Crime: भागलपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला शिक्षा विभाग की मध्याह्न भोजन योजना (एमडीएम) शाखा में तैनात जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) मनोज कुमार को शनिवार को 1 लाख 10 हजार रुपये के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया गया। आरोप है कि यह रकम बिल पास कराने के एवज में रिश्वत के तौर पर दी जा रही थी। कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, निगरानी ब्यूरो की पांच सदस्यीय टीम अचानक जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय स्थित एमडीएम शाखा पहुंची। टीम ने बिना किसी पूर्व सूचना के डीपीएम मनोज कुमार के कमरे में दबिश दी। इसी दौरान वहां से 1.10 लाख रुपये बरामद किए जाने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि शाहकुंड के प्रखंड संसाधन सेवी (बीआरपी) रजनीश कुमार ने बिल भुगतान कराने के बदले यह रकम दी थी।
प्रारंभिक पूछताछ और जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद निगरानी अधिकारियों ने डीपीएम को अपने साथ सर्किट हाउस पहुंचाया। इस मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकेश कुमार को भी पूछताछ के लिए सर्किट हाउस बुलाया गया। हालांकि, पूरे मामले में उनकी भूमिका को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
बताया जा रहा है कि निगरानी ब्यूरो ने बीआरपी रजनीश कुमार की ओर से दिए गए परिवाद के आधार पर जाल बिछाया था। शिकायत के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और कथित रिश्वत की रकम के साथ डीपीएम को पकड़ लिया।
इस मामले से जुड़ा एक और अहम पहलू भी सामने आया है। चर्चा है कि हाल ही में वित्तीय अनियमितताओं के एक मामले में जिलाधिकारी के आदेश पर बीआरपी रजनीश कुमार के मासिक मानदेय में कटौती की गई थी। साथ ही उन्हें अगले आदेश तक जिला कार्यालय में संबद्ध कर दिया गया था।फिलहाल निगरानी ब्यूरो मामले की आगे की जांच और पूछताछ में जुटा है।