खरना का प्रसाद खाने के लिए मां रातभर बेटे का करती रही इंतजार : सुबह युवक की मिली लाश, हत्या या हादसा की जांच में जुटी पुलिस

बांका जिले से एक बड़ी दुखद घटना सामने आई है, जहां छठ की हुई मां खरना का प्रसाद खाने के लिए अपने बेटे का रात भर इंतजार की, लेकिन सुबह उसकी मौत की खबर मिली...

गड्ढे से बरामद हुआ 22 वर्षीय युवक का शव- फोटो : चन्द्रशेखर भगत

Banka : जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत इंग्लिशमोड़-शंभुगंज मुख्य मार्ग पर बाजा मोड़ के समीप रविवार की सुबह एक 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में युवक का शव और उसकी बाइक मिलने से यह मामला काफी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बाजा, भरको और बल्लिकित्ता समेत आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए।


खरना पर घर लौट रहा था युवक, फोन पर सुनाई दी थी संदिग्ध आवाज

मृतक की पहचान फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के डोमो कुमारपुर गांव निवासी मंटू यादव के पुत्र पियुष कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पियुष बांका में श्रृंगार की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। छठ महापर्व के खरना पर शनिवार की शाम उसकी अपनी मां से बात हुई थी। रात करीब आठ बजे जब मां ने दोबारा फोन किया, तो पियुष ने भरको के पास होने की बात कही थी। इसी दौरान फोन पर किसी अन्य व्यक्ति की संदिग्ध आवाज सुनाई दी थी, जिसमें कहा गया था कि 'यह घर पहुंचेगा तब समझना कि घर पहुंच गया।' इसके कुछ देर बाद ही उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया था।


दुकान खाली कराने के विवाद में हत्या का गंभीर आरोप, परिवार में मचा कोहराम

मृतक के दादा युगल किशोर यादव ने बांका के गांधी चौक स्थित एक दुकान को लेकर चल रहे पुराने विवाद का गंभीर खुलासा किया है। उनका आरोप है कि अमरपुर के कौशलपुर निवासी दिलीप साह को दुकान का एक हिस्सा दिया गया था, जो लंबे विवाद के बाद भी खाली नहीं किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने 15 नवंबर तक दुकान खाली कराने का निर्देश दिया था। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते साजिश के तहत पियुष की हत्या की गई है। इस घटना के बाद से मृतक की पत्नी, मां और तीन बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


पुलिस और एफएसएल टीम ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस, सर्किल इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार और प्रभारी थानाध्यक्ष सुशील कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय चौकीदार की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (FSL) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


तीन बहनों का इकलौता भाई था पियुष, एक साल पहले हुई थी शादी

ग्रामीणों ने बताया कि मृतक पियुष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। करीब एक वर्ष पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालने वाला पियुष अचानक इस तरह मृत अवस्था में मिलने से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। अब यह जांच का विषय है कि पियुष की मौत किसी सड़क दुर्घटना में हुई है या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश थी, जिसका खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।


चन्द्रशेखर की रिपोर्ट