पटना साहिब रेलवे स्टेशन से पटना घाट सड़क निर्माण का सीएम सम्राट ने किया निरीक्षण, 1.5 किमी लंबे इसे सड़क से मिलेगी जाम से मुक्ति

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना साहिब स्टेशन से पटना घाट तक निर्माणाधीन संपर्क पथ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा के अंदर निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया....

पटना साहिब रेलवे स्टेशन से पटना घाट सड़क निर्माण का सीएम सम्
पटना साहिब रेलवे स्टेशन से पटना घाट सड़क निर्माण का सीएम सम्राट ने किया निरीक्षण- फोटो : रिपोर्टर

Patna : बिहार में सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना साहिब स्टेशन से पटना घाट तक निर्माणाधीन संपर्क पथ का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को इस महत्वपूर्ण परियोजना का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के अंदर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं। इस सड़क के बनने से पटना साहिब रेलवे स्टेशन सीधे जेपी गंगा पथ से जुड़ जाएगा।


1.5 किमी लंबे इस संपर्क पथ पर खर्च होंगे ₹52.54 करोड़

यह संपर्क पथ लगभग 1.5 किलोमीटर लंबा है, जिसके निर्माण पर कुल 52.54 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है। इस परियोजना के धरातल पर उतरने से व्यस्त अशोक राजपथ और मारूफगंज मंडी क्षेत्र में रोजाना लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही दलहट्टा, चरखीपर सहित आसपास के तमाम इलाकों की सड़क संपर्कता बेहतर होगी और आरओबी के माध्यम से इसे नए एनएच-30 से भी जोड़ा जाएगा।


5 अप्रैल 2025 को शुरू हुआ था कार्य, अशोक राजपथ पर बन रहा फ्लाईओवर

पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव पंकज पाल ने निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री को परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस निर्माण कार्य की शुरुआत 5 अप्रैल 2025 को हुई थी। यह मार्ग पटना साहिब रेलवे स्टेशन से शुरू होकर पटना घाट में जेपी गंगा पथ के संपर्क मार्ग से मिलेगा। इस पूरी परियोजना के तहत सुगम यातायात के लिए अशोक राजपथ पर एक फ्लाईओवर का निर्माण भी तेजी से कराया जा रहा है।


निरीक्षण के दौरान कई वरीय प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान राज्य सरकार और जिला प्रशासन के कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेष पराशर, नगर आयुक्त यशपाल मीणा और जिलाधिकारी कुंदन कुमार प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अब तक हुए कार्यों और आगामी चरणों की रूपरेखा से अवगत कराया।


नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के नागरिकों को सुगम, आधुनिक और बेहतर सड़क एवं यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य प्रमुख शहरी और धार्मिक स्थलों पर आवागमन को सुलभ बनाना है, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो और राज्य के संतुलित विकास को गति मिल सके।