Bihar News : बेतिया में आधी रात को थानों के औचक निरीक्षण में खुली पोल, एसपी ने 14 दारोगा-जमादार को किया सस्पेंड, 26 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

Bihar News : बेतिया में थानों के औचक निरीक्षण में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गयी. एसपी ने 14 दरोगा को सस्पेंड कर दिया है. वहीँ 26 पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है.......पढ़िए आगे

एसपी ने की बड़ी कार्रवाई - फोटो : ASHISH

BETTIAH : पश्चिम चम्पारण जिले में विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने, अपराध पर लगाम लगाने और पुलिस महकमे की कार्यकुशलता को बेहतर बनाने के लिए बेतिया पुलिस अधीक्षक ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई की है। एसपी के निर्देश पर 7 और 8 जून की दरमियानी रात को जिले के विभिन्न थानों में की गई आकस्मिक जांच के बाद कर्तव्य में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में 14 पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस बड़ी कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

दरअसल, बेतिया पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले की कानून व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) और रक्षित पुलिस केंद्र के पुलिस उपाधीक्षक को थानों की जमीनी हकीकत परखने के लिए आधी रात को औचक निरीक्षण की विशेष जिम्मेदारी सौंपी थी। इस जांच टीम ने जिले के बैरिया, नौतन, जगदीशपुर, बलथर, सिकटा, पुरुषोत्तमपुर और इनरवा थानों का औचक निरीक्षण किया, जहां पुलिसिंग की कई गंभीर कमियां उजागर हुईं।

निरीक्षण के दौरान जांच टीम ने पाया कि कई थानों के रात्रि गश्ती दल और थानों में तैनात ओडी के पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह लापरवाह थे। वे रात के समय मुस्तैद रहने के बजाय अपने निर्धारित दायित्वों के निर्वहन में गंभीर शिथिलता बरत रहे थे। थानों की इस सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्ती में मिली बड़ी खामियों को बेतिया एसपी ने अत्यंत गंभीरता से लिया।

त्वरित एक्शन लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने लापरवाह पाए गए उक्त थानों के 14 पुलिस पदाधिकारियों को सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया। इसके साथ ही, ड्यूटी से गायब या शिथिलता बरतने वाले 26 अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी विभागीय और गंभीर अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई है। एसपी की इस कड़क कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि रात में जनता की सुरक्षा के नाम पर किसी भी तरह का ढीला रवैया स्वीकार्य नहीं होगा।

कार्रवाई के बाद बेतिया पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश जारी किया है। उन्होंने दो टूक कहा कि कर्तव्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा आम जनता से जुड़े मामलों में उदासीनता किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, तत्परता और जवाबदेही के साथ करने की हिदायत दी है।

आशीष की रिपोर्ट