पश्चिम चंपारण में SSB की साइकिल रैली, 10 किलोमीटर का सफर तय कर दिया फिट रहने का संदेश

44वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट गोविंद कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में और उप कमांडेंट ज्ञानेन्द्र कुमार के नेतृत्व में किया गया। साइकिल रैली वाहिनी मुख्यालय नरकटियागंज से शुरू हुई।

SSB
SSB - फोटो : news4nation

Bihar News :  पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 44वीं वाहिनी की ओर से फिट इंडिया मूवमेंट अभियान के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। खेल शाखा, बल मुख्यालय नई दिल्ली के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जवानों को शारीरिक रूप से फिट और तंदुरुस्त रहने के लिए प्रेरित करना था। रैली के माध्यम से आम लोगों को भी नियमित साइकिल चलाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम का आयोजन 44वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट गोविंद कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में और उप कमांडेंट ज्ञानेन्द्र कुमार के नेतृत्व में किया गया। साइकिल रैली वाहिनी मुख्यालय नरकटियागंज से शुरू हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने सोफवा, पुराणाचौक, मुसरवा, सतवरिया और साठी होते हुए वापस वाहिनी मुख्यालय तक की यात्रा पूरी की। इस दौरान कुल 10 किलोमीटर की दूरी तय की गई।


रैली में SSB के जवानों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इसके साथ ही 44वीं वाहिनी के अंतर्गत आने वाली विभिन्न सीमा चौकियों पर भी साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय ग्रामीण युवाओं ने हिस्सा लिया। युवाओं ने साइकिल चलाकर लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक किया।


अधिकारियों ने बताया कि फिट इंडिया मूवमेंट का उद्देश्य लोगों को शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मददगार है।


इस आयोजन के जरिए SSB ने जवानों के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं और ग्रामीणों को भी नियमित व्यायाम तथा फिट रहने का संदेश दिया।

आशीष की रिपोर्ट