राहुल गांधी को भाई बताकर स्टालिन ने परिसीमन पर दिया बड़ा भरोसा , संसद सत्र में खेला करने की तैयारी

राहुल गाँधी को अपने संदेश में स्टालिन ने कट्टाबोम्मन और एट्टप्पन का जिक्र भी किया। कट्टाबोम्मन अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करने वाले तमिल योद्धा थे, जबकि एट्टप्पन का नाम विश्वासघात के प्रतीक के तौर पर लिया जाता है।

Delimitation Bill
Delimitation Bill- फोटो : news4nation

Delimitation Bill:  तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अपील का जवाब देते हुए कहा है कि उनकी पार्टी तमिलनाडु और वहां के लोगों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी। राहुल गांधी ने लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 किए जाने के प्रस्ताव का विरोध करने के लिए स्टालिन से विपक्ष के साथ आने की अपील की थी। हालांकि, स्टालिन के जवाब से डीएमके के पहले से घोषित रुख में बदलाव के संकेत नहीं मिले हैं।


स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी को धन्यवाद देते हुए लिखा कि संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की ऐतिहासिक भूमिका को पहचानने के लिए वह उनके आभारी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों को सर्वोपरि रखकर फैसले लिए हैं और आगे भी इसी रास्ते पर चलेगी।


अपने संदेश में स्टालिन ने कट्टाबोम्मन और एट्टप्पन का जिक्र भी किया। कट्टाबोम्मन अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करने वाले तमिल योद्धा थे, जबकि एट्टप्पन का नाम विश्वासघात के प्रतीक के तौर पर लिया जाता है। स्टालिन के इस संदर्भ को तमिलनाडु के हितों के सवाल पर उनकी पार्टी के रुख से जोड़कर देखा जा रहा है।


राहुल गांधी ने बताया लोकतंत्र के लिए खतरा

इससे पहले राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर स्टालिन को अपना भाई बताते हुए उनसे परिसीमन के प्रस्ताव के खिलाफ एकजुट होने की अपील की थी। राहुल ने दावा किया कि लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने से बीजेपी और आरएसएस को अपने राजनीतिक फायदे के लिए देश का चुनावी नक्शा बदलने का अवसर मिल सकता है।


राहुल गांधी ने लिखा कि 850 सीटों का प्रस्ताव भारत के लोकतंत्र के लिए खतरा बन सकता है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु और देश के हितों के साथ-साथ संविधान की रक्षा के लिए विपक्षी दलों को मिलकर इस बिल का विरोध करना चाहिए।


स्टालिन से मुलाकात के लिए चेन्नई पहुंचेंगे विपक्षी नेता

राहुल गांधी की अपील के बाद कांग्रेस ने डीएमके को अपने पक्ष में लाने के लिए राजनीतिक संपर्क तेज कर दिया है। रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता चेन्नई में एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, यह बैठक दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच होनी है।


इसके बाद विपक्षी नेताओं के मुंबई जाने और वहां एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करने का कार्यक्रम है। इस राजनीतिक कवायद में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी और समाजवादी पार्टी व आरजेडी के प्रतिनिधियों के शामिल होने की भी संभावना जताई गई है।


क्या है 850 लोकसभा सीटों का प्रस्ताव?

दरअसल, केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधेयक को मंजूरी दी है, जिसमें परिसीमन से संबंधित प्रावधान भी शामिल हैं। प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 किया जा सकता है। इसके तहत राज्यों में वर्तमान सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है।


प्रस्ताव में 2051 तक राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर बनाए रखने और निर्वाचन क्षेत्रों की नई सीमाएं तय करने के लिए 2011 की जनगणना का इस्तेमाल करने की बात कही गई है। सरकार की ओर से इन बदलावों को महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया से भी जोड़ा जा रहा है। इसके जरिए 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता तैयार करने की बात है।


सहयोगी दलों को मनाने में जुटी कांग्रेस

 इस पूरे घटनाक्रम में कांग्रेस के सामने एक राजनीतिक चुनौती भी है। डीएमके और एनसीपी (एसपी) पहले ही संशोधित विधेयक के समर्थन का संकेत दे चुकी हैं। ऐसे में कांग्रेस इन सहयोगी दलों को अपने रुख पर दोबारा विचार करने के लिए मनाने की कोशिश कर रही है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित है। ऐसे में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर विपक्षी दलों के बीच सहमति बनाने की कोशिश तेज हो गई है। चेन्नई और मुंबई में होने वाली बैठकों को इसी रणनीति के अहम हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है।