मस्जिद और गिरिजाघर की प्रार्थना में भी हो बोला जाए 'भारत मां की जय', .... केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय की अपील

नित्यानंद राय ने कहा, "आप किसी भी पूजा पद्धति को मानते हों, अपने-अपने देवालयों में जाइए। मंदिरों में शंख की गूंज के साथ भारत मां की जय और विजय का उद्घोष होना चाहिए।" अजान और गिरिजाघरों में भी भारत मां की जय और विजय का उद्घोष होना चाहिए।

Union Minister Nityanand Rai
Union Minister Nityanand Rai- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के कटिहार पहुंचे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने भारत माता की जय के उद्घोष को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश में लोग किसी भी पूजा पद्धति को मानते हों, लेकिन मंदिर, मस्जिद और गिरिजाघर में होने वाली प्रार्थनाओं में भी भारत मां की जय और विजय का यशगान होना चाहिए।


नित्यानंद राय कटिहार में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने विकसित भारत की कल्पना रखते हुए कहा कि 21वीं सदी का भारत ऐसा होना चाहिए, जहां न भारत मां विवश हो, न कोई भूखा रहे और न ही कोई अशिक्षित हो। भारत मां वैभव के शिखर पर विराजमान हो।


उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के सभी लोगों को एकजुट होकर भारत मां की जय और विजय का यशगान करना होगा। नित्यानंद राय ने कहा, "आप किसी भी पूजा पद्धति को मानते हों, अपने-अपने देवालयों में जाइए। मंदिरों में शंख की गूंज के साथ भारत मां की जय और विजय का उद्घोष होना चाहिए।"


उन्होंने आगे कहा कि मस्जिदों में अजान के साथ भी भारत मां की जय और विजय का यशगान सुनाई देना चाहिए। इसी तरह गिरिजाघरों में होने वाली प्रार्थनाओं में भी भारत मां की जय और विजय का उद्घोष होना चाहिए।


केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने अपने संबोधन में विकसित भारत के लक्ष्य को राष्ट्रीय एकता और सामूहिक संकल्प से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं से देश के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उनका कहना था कि भारत को मजबूत, समृद्ध और विकसित बनाने के लिए सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा।


कटिहार में दिया गया उनका यह बयान धार्मिक स्थलों की प्रार्थनाओं में राष्ट्रभक्ति के उद्घोष को शामिल करने की अपील के कारण चर्चा में है।