Bihar News : माँ के पास सोया तीन साल का मासूम अचानक हुआ गायब, संदिग्ध मौत के बाद गड्ढे में मिला शव

Bihar News : बेतिया के साठी थाना क्षेत्र के पोईया खाप टोला में शनिवार को तीन माह के मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई......पढ़िए आगे

मासूम का शव बरामद - फोटो : ASHISH

BETTIAH : पश्चिम चंपारण जिले के साठी थाना क्षेत्र अंतर्गत पोईया खाप टोला में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सुबह अपनी मां के पास सो रहा तीन माह का मासूम अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गया। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिलने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

डॉग स्क्वॉड और पुलिस टीम ने शुरू की तलाश

घटना की गंभीरता को देखते हुए नरकटियागंज डीएसपी पुलिस बल और डॉग एक्सपर्ट टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस और डॉग स्क्वॉड की टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में गहन छानबीन कर मासूम की तलाश शुरू की। हालांकि, शुरुआती जांच और तलाश के दौरान पुलिस टीम को कोई सुराग हाथ नहीं लगा।

गांव के पास गड्ढे में मिला मासूम का शव

पुलिस टीम के वापस लौटने के कुछ ही देर बाद गांव के पास मौजूद चरवाहों ने एक गड्ढे में मासूम का शव पड़ा हुआ देखा। चरवाहों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और परिजन व पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इलाके को सुरक्षित कर लिया है और संभावित साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अपहरण के बाद हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

मां के पास से बच्चे का अचानक गायब होना और कुछ ही दूरी पर गड्ढे में उसका शव मिलना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस इस मामले में अपहरण के बाद हत्या समेत सभी संभावित बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

परिजनों में कोहराम, गांव में मातम और आक्रोश

मासूम की संदिग्ध परिस्थिति में मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना की हर कड़ी को जोड़कर दोषियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

आशीष की रिपोर्ट