Bihar News : बगहा में सर्पदंश से युवक की हुई मौत, तीन मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

Bihar News : बगहा में सांप के काटने से एक युवक की मौत हो गयी. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है......पढ़िए आगे

युवक की मौत - फोटो : ASHISH

BETTIAH : पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा-2 प्रखंड अंतर्गत मंगलपुर औसानी पंचायत के औसानी गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। धान के खेत में काम करने के दौरान 30 वर्षीय मुकेश महतो को एक जहरीले रसेल वाइपर सांप ने काट लिया, जिससे उनकी असामयिक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे परिवार और गांव में कोहराम मच गया है।

मृतक के पिता श्रीकांत चौधरी और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मुकेश शुक्रवार को मतौरा सरेह में धान के खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान खेत में छिपे रसेल वाइपर ने उनके बाएं पैर में डस लिया। सांप के डसने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और वे आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों की ओर ले भागे।

परिजनों द्वारा बेहतर इलाज के लिए कई जगहों पर प्रयास किया गया, लेकिन समय पर उचित चिकित्सीय सहायता और अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। अत्यधिक जहर फैलने और विलंब होने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी, जिससे परिजनों की सारी उम्मीदें टूट गईं।

इस अप्रत्याशित हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है और घर की खुशियां पलभर में मातम में बदल गई हैं। मृतक अपने पीछे पांच वर्ष, तीन वर्ष और महज आठ महीने की तीन मासूम बेटियां छोड़ गए हैं। जिन बच्चियों को अभी पिता के स्नेह और संरक्षण की सबसे अधिक आवश्यकता थी, उनके सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधाया और सांत्वना दी। वहीं, पटखौली थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। 

आशीष की रिपोर्ट