Bihar News : बेतिया GMCH में मां का इलाज कराने आई नाबालिग से युवक ने किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Bihar News : अस्पताल में अपनी मां का इलाज कराने पहुंची एक नाबालिग बच्ची के साथ जीएमसीएच में काम करने वाले एक युवक द्वारा बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है......पढ़िए आगे
BETTIAH : बेतिया से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। मां का इलाज कराने बेतिया जीएमसीएच पहुंची एक नाबालिग बच्ची को अस्पताल में काम करने वाला एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। परिजनों के आवेदन के बाद नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी है। मामला बेतिया जीएमसीएच से जुड़ा है।
परिजनों के मुताबिक, एक अक्टूबर को नाबालिग अपने माता-पिता के साथ अपनी मां का इलाज कराने अस्पताल आई थी। अस्पताल में उसकी मां का इलाज चल रहा था। पीड़िता के पिता ने नगर थाने में दिए आवेदन में बताया है कि चार अक्टूबर की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह अपनी पत्नी के लिए दवा और खाना लाने अस्पताल से बाहर गए थे। कुछ काम की वजह से उन्हें लौटने में देरी हो गई। जब वह वापस अस्पताल पहुंचे तो उनकी बेटी डरी-सहमी हालत में रो रही थी। परिजनों के मुताबिक, पूछने पर बच्ची ने तत्काल कुछ नहीं बताया। बाद में उसकी मां और दादी ने उससे जानकारी ली तो उसने पूरी घटना बताई। पीड़िता ने कथित तौर पर बताया कि अस्पताल में काम करने वाले एक युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ अस्पताल से बाहर ले गया।
आरोप है कि युवक उसे जीएमसीएच के पीछे स्थित अपने किराए के मकान में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को धमकी भी दी थी कि अगर उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो अस्पताल में इलाज करा रही उसकी मां को नुकसान पहुंचा देगा। इसी डर की वजह से बच्ची काफी सहमी हुई थी। परिजनों के आवेदन के बाद नगर थाना पुलिस ने आरोपी रवि रंजन को गिरफ्तार कर लिया है। बेतिया सदर एसडीपीओ अजीत कुमार के मुताबिक, पीड़िता अपनी मां का इलाज कराने बेतिया जीएमसीएच आई थी। आरोपी अस्पताल में पानी और इंसुलिन चढ़ाने का काम करता था और बाहर एक निजी नर्सिंग होम में भी काम करता है। आरोप है कि उसने नाबालिग को बहला- फुसलाकर अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद बेतिया जीएमसीएच की सुरक्षा व्यवस्था और अस्पताल परिसर में सक्रिय बाहरी लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। परिजनों का कहना है कि अस्पताल परिसर में कई ऐसे बाहरी लोग काम करते हैं, जिनकी गतिविधियों पर निगरानी जरूरी है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी जीएमसीएच परिसर में एक एंबुलेंस चालक को पकड़ा गया था, जिस पर मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पतालों में ले जाने का आरोप लगा था। ऐसे में सवाल यह है कि जीएमसीएच परिसर में बिना अधिकृत व्यवस्था के काम करने वाले बाहरी लोगों की निगरानी कैसे होती है और मरीजों व उनके परिजनों की सुरक्षा के लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच कर रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
आशीष की रिपोर्ट