Bihar Crime : आपसी विवाद के बाद कलयुगी पत्नी ने पति को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Bettiah : बेतिया के लौरिया थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है जहाँ पत्नी द्वारा पति की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना गोबरौरा पंचायत के मटियरिया बंगाली कॉलोनी, वार्ड संख्या-3 की बताई जा रही है, जहां अमित कुमार नमोदास (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक अमुल चंद्र नमोदास के पुत्र बताए जाते हैं। 

इस संबंध मे मृतक का भाई ने बताया की घटना के समय पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान पत्नी नीलम देवी ने पति पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। मृतक की शादी लगभग नौ वर्ष पूर्व बगहा पुलिस जिला अंतर्गत सेमरा कॉलोनी में हुई थी। उनके परिवार में एक सात वर्षीय पुत्र एवं चार वर्षीय पुत्री हैं। 

परिजनों ने बताया कि दंपती के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। करीब तीन-चार माह पूर्व भी दोनों के बीच मारपीट की घटना हुई थी, जिसे मायके पक्ष के हस्तक्षेप से सुलझाया गया था। बताया जाता है कि मृतक का तीन माह पूर्व हर्निया का ऑपरेशन हुआ था तथा उनकी आंखों की रोशनी भी कमजोर थी। घटना की सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

पुलिस ने आरोपी पत्नी नीलम देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

आशीष की रिपोर्ट