दहेज में थार चाहिए थी, लड़की वालों ने थमा दी खिलौना कार! रिश्ता भी तोड़ा

दहेज की मांग करने वालों को लड़की पक्ष ने ऐसा जवाब दिया, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। आरोप है कि लड़के वालों ने शादी में थार गाड़ी की मांग रखी। इसके बाद लड़की वालों ने असली थार की जगह खिलौने वाली थार थमा दी और रिश्ता भी कैंसिल कर दिया।

meerut dowry thar toy car viral video
दहेज में थार की मांग पर लड़की पक्ष ने खिलौना कार देकर जताया विरोध- फोटो : news 4 nation

दहेज के रूप में थार गाड़ी मांगने पर लड़की पक्ष के अनोखे विरोध का मामला चर्चा में है। आरोप है कि शादी के बदले महंगी गाड़ी की मांग रखना लड़के वालों को भारी पड़ा, जिस पर लड़की के परिवार ने असली गाड़ी के बजाय उनके हाथ में खिलौने वाली थार थमा दी और रिश्ता भी रद्द कर दिया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।


सुबह चिट्ठी लेकर पहुंचे थे लड़के वाले

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में ज्ञानपुर गांव निवासी एक व्यक्ति अपने बेटे का रिश्ता लेकर सोलाना गांव में लड़की पक्ष के घर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह चिट्ठी लेकर आए लड़के वालों ने बातचीत के दौरान दहेज में थार गाड़ी की मांग रख दी। इस मांग पर लड़की वालों ने पारंपरिक शिकायतों से अलग हटकर विरोध का अनोखा तरीका अपनाया।


दिनभर बैठाने के बाद दी खिलौना कार

लड़की पक्ष ने लड़के और उसके साथ आए लोगों को सुबह से रात तक घर पर बैठाए रखा। शाम-रात के वक्त असली थार देने के बजाय उनके हाथ में खिलौने वाली थार गाड़ी थमा दी गई। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे वाकये का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और जिस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।


“तुम्हें इंसान नहीं ब्रांड चाहिए”

सामने आए वायरल वीडियो में कुर्सी पर बैठे लोगों के पास एक शख्स खिलौना गाड़ी लेकर पहुंचता दिख रहा है। वीडियो में वह कहता सुनाई दे रहा है कि इसे थामों, तुम्हें इंसान नहीं बल्कि ब्रांड चाहिए था, इसलिए कार दी है और अब इसे चलाओ। साथ ही यह भी कहा गया कि मांगी गई कार तो नहीं मिल पाई, पर शादी कैंसिल हो गई है और सगाई वापसी में यह थार कार दे दी गई है।


रिश्ते का अंत और सोशल मीडिया चर्चा

वीडियो में यह टिप्पणी भी की गई कि जैसा काम किया गया है, वैसा ही मिलना चाहिए। दहेज की मांग के खिलाफ रिश्ता तोड़ने और खिलौना गाड़ी सौंपने के इस कदम को लेकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तरह-तरह की बहस और चर्चा जारी है।