Bihar News: कारगिल में ड्यूटी के दौरान अग्निवीर मनीष शहीद, पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही भारत माता की जय से गूंजा इलाका, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

Bihar News:अग्निवीर मनीष कुमार की कारगिल में ड्यूटी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में मौत हो गई।

कारगिल में ड्यूटी के दौरान अग्निवीर मनीष शहीद- फोटो : reporter

Bihar News: पश्चिम चंपारण जिले के योगापट्टी प्रखंड अंतर्गत नवलपुर गांव के अग्निवीर मनीष कुमार की कारगिल में ड्यूटी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। 13 मार्च 2026 को हुए इस हादसे की खबर जैसे ही गांव और इलाके में पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। देश की सेवा करते हुए शहीद हुए जवान के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा इलाका “भारत माता की जय” तथा “वीर जवान अमर रहे” के नारों से गूंज उठा।

मिली जानकारी के अनुसार मनीष कुमार अक्टूबर 2023 में अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। फिलहाल उनकी तैनाती कारगिल क्षेत्र में थी। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान मनीष अपने तीन अन्य साथियों के साथ मौजूद थे। उसी दौरान अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा टूटकर उन पर आ गिरा। देखते ही देखते चारों जवान मलबे में दब गए। इस दर्दनाक हादसे में मनीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके तीन अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवानों का इलाज सेना के अस्पताल में जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही नवलपुर गांव सहित पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि मनीष कुमार अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। पांच भाइयों और एक बहन में वह तीसरे नंबर पर थे। उनके पिता का नाम मोहन प्रसाद है।

सोमवार 16 मार्च की सुबह जब शहीद अग्निवीर मनीष कुमार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव नवलपुर पहुंचा, तो श्रद्धांजलि देने के लिए सैकड़ों ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि जुट गए। पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया और लोगों की आंखें नम हो गईं।

नवलपुर पंचायत की मुखिया सविता देवी, मुखिया प्रतिनिधि संतोष राम सहित ग्रामीणों ने सरकार से शहीद के परिवार को उचित मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। वहीं मृतक के पिता मोहन प्रसाद ने भी बिहार सरकार से परिवार के लिए सरकारी नौकरी की मांग की है।

ग्रामीणों ने नवलपुर सेमरी के चांदनी चौक पर शहीद मनीष कुमार के नाम से “शहीद मार्क” बनाने की भी मांग की है, ताकि आने वाली पीढ़ियां इस वीर सपूत के बलिदान को हमेशा याद रख सकें।

रिपोर्ट- आशीष कुमार