खूनी पारिवारिक संघर्ष: जिसके जन्म पर पिता ने बांटी थी मिठाई, जमीन के लिए उसे चाकू से गोदा, हुई मौत
बिहार के पश्चिम चंपारण (बेतिया) में एक पिता ने ज़मीनी रंजिश में अपने ही सगे बेटे की हत्या कर दी। इस हमले में परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें पटना रेफर किया गया है।
Bettiah - बेतिया के बैरिया थाना क्षेत्र के भितहा पंचायत (वार्ड नंबर 7) में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जिस पिता ने कभी बेटे के जन्म पर खुशियां मनाई थीं, उसी पिता ने ज़मीन के टुकड़े के लिए अपने बड़े बेटे और पोते के साथ मिलकर अपने छोटे बेटे विजय पटेल की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और तनाव का माहौल है।
भाले और चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला
परिजनों और चश्मदीदों के अनुसार, छत की टोटी से पानी गिरने के मामूली विवाद से शुरू हुई बात ज़मीनी रंजिश में बदल गई। आरोपी पिता सुरेश पटेल, उसका बेटा अजय पटेल और पोते अभय, गौरव और शिवम ने मिलकर विजय पटेल और उसके भाइयों पर भाले और चाकू से हमला बोल दिया। हमले के वक्त पीड़ित सो रहे थे। विजय पटेल को भाले से इतनी बुरी तरह गोदा गया कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दो अन्य भाई गंभीर, पटना रेफर
इस हिंसक झड़प में मृतक के दो अन्य भाई, अखिलेश पटेल और कमलेश पटेल भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अखिलेश का इलाज बेतिया के GMCH में चल रहा है, वहीं कमलेश की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। पीड़ित महिला रीना देवी ने रोते हुए बताया कि हमलावरों ने घर में घुसकर सोए हुए लोगों पर जानलेवा हमला किया।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका
घटना की सूचना मिलते ही बेतिया एसडीपीओ-2 रजनीश कांत प्रियदर्शी और बैरिया थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2-3 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में क्यूआरटी (QRT) और एफएसएल (FSL) की टीमों को बुलाया गया है जो साक्ष्य जुटा रही हैं। पूरे गांव को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है ताकि आगे कोई अप्रिय घटना न हो।
एसडीपीओ का बयान
मौके पर मौजूद एसडीपीओ रजनीश कांत प्रियदर्शी ने बताया कि पिता और पुत्रों के बीच आपसी ज़मीनी विवाद इस खूनी संघर्ष की मुख्य वजह है। उन्होंने पुष्टि की कि एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है और अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रिपोर्ट - आशीष कुमार