नरकटियागंज में घटिया मिड-डे मील पर फूटा छात्रों का गुस्सा, मौके पर पहुंची पुलिस, BEO ने दिए जांच के आदेश

बेतिया के नरकटियागंज स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में मिड-डे मील की खराब गुणवत्ता पर छात्रों ने थालियां फेंककर हंगामा किया। पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत हुआ। BEO ने शिक्षक पर लगे आरोपों की जांच और सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।

बेतिया में मिड-डे मील पर बवाल छात्रों ने खाना खाने से किया इनकार,थालियां फेंककर जताया विरोध- फोटो : Reporter

पश्चिम चंपारण (बेतिया) जिले के नरकटियागंज अंतर्गत शिवगंज वार्ड-7 स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय (हिंदी) में मंगलवार को मध्याह्न भोजन (MDM) की गुणवत्ता को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। स्कूल में परोसे गए भोजन की खराब गुणवत्ता से नाराज छात्रों ने खाना खाने से साफ मना कर दिया और विरोध में अपनी थालियां फेंक दीं। छात्रों का आरोप है कि स्कूल में अक्सर घटिया स्तर का खाना दिया जाता है। देखते ही देखते पूरे स्कूल परिसर में जोरदार हंगामा होने लगा।


पुलिस की एंट्री से शांत हुआ मामला, छात्राओं ने शिक्षक पर लगाए गंभीर आरोप

स्कूल में हंगामे और अशांति की खबर मिलते ही 112 नंबर की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने आक्रोशित छात्रों को समझा-बुझाकर किसी तरह मामला शांत कराया। इसी बीच मामले में नया मोड़ तब आया जब कुछ छात्राओं ने स्कूल के शिक्षक संजय पांडेय पर गलत व्यवहार करने के गंभीर आरोप जड़ दिए। इस खुलासे के बाद मिड-डे मील के साथ-साथ स्कूल के शैक्षणिक माहौल और शिक्षकों के आचरण पर भी बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।


प्रिंसिपल ने आरोपों को नकारा, शिक्षा विभाग ने दिए जांच के आदेश

शिक्षक पर लगे आरोपों को लेकर स्कूल की प्रधानाध्यापिका (प्रिंसिपल) शकुंतला ने सफाई दी और शिक्षक का बचाव करते हुए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। हालांकि, पूरे प्रकरण पर संज्ञान लेते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) संजय कुमार सिंह ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में यदि किसी भी शिक्षक की संलिप्तता या लापरवाही साबित होती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


जांच के बाद ही साफ होगी स्थिति, दोषी पाए जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई

बीईओ ने यह भी कहा कि आरोपों की सत्यता सिद्ध होने पर दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों को पद से हटाने तक की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मिड-डे मील की खराब गुणवत्ता, थाली फेंककर विरोध करने की घटना और शिक्षक पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर शिक्षा विभाग की आधिकारिक जांच प्रक्रिया जारी है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही इस पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

नरकटियागंज से धीरज पराशर की रिपोर्ट