Bihar News : बेतिया पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, बोलेरो से करीब 68 किलो गांजा किया बरामद, मौके से तस्कर को किया गिरफ्तार

Bihar News : बेतिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बखरिया-करमवा मार्ग पर लाल सरैया दलित बस्ती के समीप एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।

गांजा बरामद - फोटो : ASHISH

BETTIAH : पश्चिमी चंपारण जिले की मझौलिया थाना पुलिस को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बखरिया-करमवा मार्ग पर लाल सरैया दलित बस्ती के समीप एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

चार पैकेटों में छिपाकर रखा गया था 67 किलो से अधिक गांजा

थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमर कुमार ने ऑफ द कैमरा जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बोलेरो से गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नाकेबंदी कर बोलेरो वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-3PA-2412) को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के भीतर से चार अलग-अलग पैकेटों में पैक किया गया कुल 67 किलो 930 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

शिकारपुर का रहने वाला कारोबारी गिरफ्तार

गांजे की बरामदगी के साथ ही पुलिस ने मौके से बोलेरो सवार तस्कर को भी रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के पंचमेवा निवासी नबी हसन के पुत्र मोहम्मद करीमुल्ला के रूप में की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इस तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसके मुख्य आकाओं का पता लगाने में जुटी है।

मेडिकल जांच के बाद भेजा गया बेतिया न्यायालय

पुलिस ने बरामद गांजा और बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है। कागजी और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद करीमुल्ला की नियमानुसार मेडिकल जांच कराई गई। इसके उपरांत उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बेतिया न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस हर संदिग्ध गतिविधियों और मार्गों पर पैनी नजर रख रही है ताकि नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा सके।

आशीष की रिपोर्ट