Bihar Human Trafficking: बगहा में शर्मनाक कांड! किशोरियों को बंधक बनाने वाला गिरोह बेनकाब
Bihar Human Trafficking: बगहा में किशोरियों को बंधक बनाकर ऑर्केस्ट्रा कराने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Bihar Human Trafficking: पश्चिम चंपारण के बगहा पुलिस जिले में किशोरियों को बंधक बनाकर ऑर्केस्ट्रा कराने के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज मामले में चौतरवा थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोरखपुर निवासी राज कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।
बगहा की प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि 18 अप्रैल को जिन दो किशोरियों को मुक्त कराया गया था, उस मामले में राज कुमार की भूमिका सामने आई थी। इसी के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश तेज की और आखिरकार उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस पूरे अभियान में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के साथ अन्य पुलिस अधिकारियों की भी अहम भूमिका रही।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही
फिलहाल पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार कार्रवाई जारी है। इस घटना ने इलाके में चिंता बढ़ा दी है, वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए हर पहलू पर काम किया जा रहा है।
प•चम्पारण बेतिया आशिष कुमार