मातम में बदलीं खुशियां, बेकाबू बस ने पांच लोगों को कुचला, मौत के बाद चीख-पुकार से दहल उठा इलाका

Bihar Road Accident: बिहार में बेहतर होती सड़कों और कनेक्टिविटी के बीच सड़क दुर्घटना के मामलों में इजाफा हुआ है।

बेकाबू बस ने पांच लोगों की कुचला- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: बिहार में बेहतर होती सड़कों और कनेक्टिविटी के बीच सड़क दुर्घटना के मामलों में इजाफा हुआ है। सूबे में रफ्तार का कम थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिसके चलते सड़क हादसों के ग्राफ में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ताजा मामला बेतिया का है।पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। एनएच-727 पर बेतिया-लौरिया के बीच बनकटवा के समीप तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौजूद लोगों की भीड़ में जा घुसी। हादसा इतना भयावह था कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, एक घर में छठियार समारोह का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे डीजे लगाकर आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम कराया जा रहा था। कार्यक्रम में लड़कियां डांस कर रही थीं और बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे। इसी बीच बेतिया-लौरिया मार्ग पर तेज रफ्तार से आ रही बस अचानक बेकाबू हो गई।

बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और देखते ही देखते बस सड़क किनारे जुटी भीड़ को रौंदते हुए आगे निकल गई। अचानक हुए इस हादसे से समारोह स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। लोगों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में कई लोग बस की चपेट में आ गए और पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। समारोह की खुशियां पलभर में मातम में तब्दील हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।पुलिस ने हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार और बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

हादसे में जान गंवाने वाले पांच लोगों की पहचान की प्रक्रिया भी पुलिस की ओर से की जा रही है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि दुर्घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सके।इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में छठियार समारोह को लेकर खुशियों का माहौल था, वहां अचानक हुई इस त्रासदी ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर गम और गुस्सा दोनों है।एनएच-727 जैसे व्यस्त मार्ग पर सड़क किनारे इस तरह भीड़ जुटने और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है और हादसे से जुड़े तमाम पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार