Bihar News : बिहार के मंत्री नंदकिशोर राम का बड़ा आरोप, कहा 'दलित' हूं, इसलिए आवंटित बंगला खाली नहीं कर रही पूर्व सीएम राबड़ी देवी

Bihar News : एक दलित हु इसलिए बिहार सरकार द्वारा आवंटित आवास को बिहार सरकार की पूर्व मुख्यमंत्री राबडी देवी जो अभी तक रहती आ रही थी वह आवास नही खाली कर रही है |

दलित हूँ...- फोटो : ASHISH

BETTIAH : बिहार सरकार के डेयरी, पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम ने रामनगर के एक निजी होटल में संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। मंत्री ने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि वे एक दलित समाज से आते हैं, इसी वजह से बिहार सरकार द्वारा उन्हें आवंटित किया गया सरकारी आवास पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी खाली नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राबड़ी देवी का यह अड़ियल रुख साफ तौर पर दर्शाता है कि वह और उनकी पार्टी पूरी तरह से दलित विरोधी मानसिकता से ग्रसित हैं।

'रामनगर की सुरक्षित सीट से जीतकर आया हूं, सरकार ने सम्मान दिया पर विपक्ष को हजम नहीं हो रहा'

संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा नेता सह मंत्री नंदकिशोर राम ने कहा, "मैं रामनगर विधानसभा क्षेत्र के सुरक्षित सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर आया हूं। बिहार सरकार ने मुझ पर भरोसा जताते हुए डेयरी, पशुपालन और मत्स्य संसाधन जैसे महत्वपूर्ण विभाग का दायित्व सौंपा है।" उन्होंने आगे कहा कि चूंकि उन्हें पटना में रहने के लिए अभी तक कोई आधिकारिक सरकारी बंगला नहीं मिला था, इसलिए राज्य सरकार ने नियमानुसार उन्हें एक आवास आवंटित किया।

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी सालों से जमी हैं आवंटित आवास पर, खाली करने से किया इनकार

मंत्री नंदकिशोर राम ने आरोप लगाया कि जिस सरकारी बंगले को उनके नाम पर आवंटित किया गया है, उसमें बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पिछले कई सालों से लगातार रहती आ रही हैं। अब जब सरकार ने यह मकान एक दलित मंत्री को आवंटित कर दिया है, तो राबड़ी देवी सार्वजनिक रूप से बयान दे रही हैं कि वे इस आवास को किसी भी कीमत पर खाली नहीं करेंगी। मंत्री ने सवाल उठाया कि एक दलित जनप्रतिनिधि को उसके संवैधानिक अधिकारों और सुविधाओं से वंचित रखना कहां का न्याय है?

'सरकार का हर फैसला मुझे मंजूर, लेकिन जनता देख रही है इनका असली चेहरा'

आवास विवाद पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए मंत्री ने यह भी कहा कि वे एक अनुशासित कार्यकर्ता हैं और सरकार के हर निर्णय का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा, "सरकार का जो भी अंतिम निर्णय होगा, वह हमें पूरी तरह से मान्य होगा। लेकिन एक पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा एक कैबिनेट मंत्री के आवंटित घर पर कब्जा बनाए रखना और उसे खाली करने से मना करना, राजद के दलित विरोधी चरित्र को बिहार की जनता के सामने पूरी तरह बेनकाब कर देता है।"

राजनीतिक हलकों में मंचा हड़कंप, राजद की प्रतिक्रिया का इंतजार

मंत्री नंदकिशोर राम के इस बड़े और सीधे जातिगत आरोप के बाद बिहार की सियासत में भूचाल आ गया है। सत्ता पक्ष जहां इस मुद्दे पर लामबंद हो रहा है, वहीं दूसरी ओर विपक्षी खेमे यानी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की तरफ से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण या पलटवार सामने नहीं आया है। आने वाले दिनों में यह बंगला विवाद बिहार की राजनीति में और तूल पकड़ सकता है।

आशीष की रिपोर्ट