Bihar News : आपसी विवाद को लेकर देवर ने भाभी को जमकर पीटा, बीच बचाव करने आई भतीजी के फाड़े कपड़े
Bihar News : पश्चिमी चम्पारण के बेतिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपरा पकडी चौक पर जमीनी विवाद को लेकर देवर ने अपनी भाभी व भतीजे की जमकर पिटाई कर दी. जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है......पढ़िए आगे
BETTIAH : पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित पिपरा पकड़ी चौक पर जमीनी विवाद को लेकर एक देवर ने अपनी भाभी और उनके बच्चों पर बेरहमी से हमला कर दिया। इस हिंसक वारदात में महिला, उनका पुत्र और पुत्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को तुरंत बेतिया जीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
लाठी-डंडों से हमला
अस्पताल में इलाज करा रही पीड़िता सलमा खातून ने घटना की आपबीती बताते हुए कहा कि उनके हिस्से की जमीन पर उनका देवर और उसका बेटा दबंगई दिखाते हुए जबरदस्ती घर का निर्माण कर रहे थे। जब वह अपने परिवार के साथ इस अवैध निर्माण को रोकने गईं, तो देवर और उसके परिजनों ने लाठी-डंडों व फरसा से उन पर जानलेवा हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने आई शादीशुदा बेटी पर हमला, कपड़े तक फाड़े
पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उनकी शादीशुदा बेटी उन्हें और उनके बेटे को बचाने बीच में आई, तो आरोपियों ने उसकी भी जमकर पिटाई कर दी। सलमा खातून का आरोप है कि रिश्ते में भाई लगने वाले देवर के लड़के और अन्य सहयोगियों ने मिलकर उनकी बेटी के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उसे निर्वस्त्र तक कर दिया।
फरसे के वार से महिला की कलाई कटी, अत्यधिक खून बहा
मारपीट के दौरान आरोपियों ने महिला और उनके बेटे पर धारदार हथियार फरसे से हमला कर दिया। बचाव के दौरान फरसा महिला की कलाई पर लग गया, जिससे उनकी कलाई गंभीर रूप से कट गई और अत्यधिक मात्रा में खून बह गया। फिलहाल महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है और जीएमसीएच में डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
पुलिस से निराशा के बाद मीडिया से गुहार
पीड़िता सलमा खातून ने आरोप लगाया कि घटना के संबंध में उन्होंने मुफस्सिल थानाध्यक्ष और बेतिया पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी, लेकिन पुलिस प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इंसाफ न मिलने पर उन्होंने मीडिया के माध्यम से अपनी आवाज उठाई है और कहा कि न्याय पाने के लिए वह चंपारण रेंज के डीआईजी के समक्ष अपनी फरियाद रखेंगी।
आशीष की रिपोर्ट