Bihar Flod: चंपारण में बाढ़ का कहर, 1.92 लाख लोग प्रभावित, 3 की मौत

Bihar Flod:चंपारण जिले में बाढ़ की त्रासदी से बड़ी आबादी प्रभावित हुई है।...

चंपारण में बाढ़ का कहर- फोटो : reporter

Bihar Flod:चंपारण जिले में बाढ़ की त्रासदी से बड़ी आबादी प्रभावित हुई है। बाढ़ आपदा को लेकर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह और वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया कुमार गौतम ने समाहरणालय सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहत एवं बचाव कार्यों का विस्तृत ब्यौरा साझा किया। प्रशासन के मुताबिक जिले में अब तक 1,92,713 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, जबकि तीन लोगों की मौत हुई है।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों तक भोजन और राहत सामग्री पहुंचाने के लिए सामुदायिक रसोइयां संचालित की जा रही हैं। 30 सितंबर तक जिले में 62 सामुदायिक रसोई चल रही थीं, जबकि 3 अक्टूबर तक 37 सामुदायिक रसोई का संचालन किया गया। इन रसोइयों के जरिए 26 सितंबर से अब तक 1,68,530 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा चुका है।

बाढ़ की मुसीबत के बीच प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री भी वितरित की जा रही है। अब तक 31,769 सूखा राशन पैकेट और 19,310 प्लास्टिक शीट जरूरतमंद परिवारों को उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशासन का दावा है कि प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

बाढ़ का असर इंसानों के साथ-साथ पशुधन पर भी पड़ा है। पशुपालकों की परेशानियों को देखते हुए प्रशासन ने 89 क्विंटल पशु चारा वितरित किया है। इसके अलावा जिले में 18 पशु राहत शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में पशुओं के उपचार और जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पशु चिकित्सा दल भी प्रभावित इलाकों में तैनात हैं।प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रशासन ने कहा कि बाढ़ प्रभावित आबादी तक राहत पहुंचाना प्राथमिकता है। जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मौके पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन अमरेंद्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रोचना माद्री और जिला आपदा प्रबंधन शाखा की प्रभारी पदाधिकारी नगमा तबस्सुम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट- आशीष कुमार