पालना घर योजना के तहत चयनित 6 कर्मियों को डीएम तरनजोत सिंह ने सौंपा नियुक्ति पत्र, बच्चों की सुरक्षा व पोषण को बताया प्राथमिकता

पश्चिम चंपारण के डीएम ने कार्यालय प्रकोष्ठ में तीन क्रेच वर्कर और तीन सहायक क्रेच वर्कर को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने कहा कि कामकाजी महिलाओं के बच्चों की सुरक्षा व देखभाल की यह योजनाअहम पहल है....

6 कर्मियों को डीएम तरनजोत सिंह ने सौंपा नियुक्ति पत्र- फोटो : आशीष

Bettiah : पश्चिम चंपारण के जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने शुक्रवार को महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत संचालित 'पालना घर योजना' के तहत चयनित तीन क्रेच वर्कर और तीन सहायक क्रेच वर्कर को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में नियुक्ति पत्र प्रदान किया। नियुक्ति पत्र पाने वालों में क्रेच वर्कर के रूप में सोनी कुमारी, निशा कुमारी व आभा कुमारी तथा सहायक क्रेच वर्कर के रूप में बबिता कुमारी, मुखरानी कुमारी व अल्विनाह खातून शामिल हैं।


कामकाजी महिलाओं के बच्चों की सुरक्षा व देखभाल की अहम पहल है योजना: डीएम

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पालना घर योजना कामकाजी महिलाओं के छोटे बच्चों की देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी चयनित कर्मियों से अपेक्षा जताई कि वे पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और समर्पण भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।


बच्चों के अनुकूल माहौल, सुरक्षा और पोषण पर विशेष जोर

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पालना घर में आने वाले बच्चों की समुचित देखभाल, सुरक्षा, पोषण और उनके अनुकूल बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि अभिभावक निश्चिंत होकर अपने कार्यस्थल पर काम कर सकें।


आशीष की रिपोर्ट