Bihar News : बेतिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लौरिया में शराब की बड़ी खेप के साथ पिता-पुत्र को किया गिरफ्तार, स्कूटी किया बरामद

Bihar News : बेतिया पुलिस ने मटियरिया गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है. साथ ही पुलिस ने दो स्कूटी भी जब्त की है.....पढ़िए आगे

शराब बरामद - फोटो : ASHISH

BETTIAH : पश्चिम चंपारण के बेतिया जिला पुलिस कप्तान (एसपी) के निर्देश पर अपराधियों और तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लौरिया थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लौरिया थाना के नवागत थानाध्यक्ष इन्द्रजीत पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मटियरिया गांव में योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से शराब तस्करी में संलिप्त पिता-पुत्र को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए की गई इस कार्रवाई के संबंध में लौरिया थानाध्यक्ष इन्द्रजीत पासवान ने बताया कि पुलिस को मटियरिया गांव में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखे जाने की सटीक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जब बताए गए ठिकाने पर दबिश दी, तो तस्करों के बीच हड़कंप मच गया।

पुलिस टीम द्वारा मटियरिया गांव निवासी गोबरधन साह के घर पर की गई सघन तलाशी के दौरान भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब के कार्टन बरामद किए गए। तस्करों ने शराब को न सिर्फ घर में बल्कि तस्करी के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दो स्कूटियों की डिक्की में भी छिपाकर रखा था। पुलिस ने तुरंत दोनों स्कूटियों को जब्त कर लिया और घर व वाहनों से कुल 182.725 लीटर विदेशी शराब बरामद की।

थानाध्यक्ष के अनुसार बरामद की गई विदेशी शराब की खेप में 8 पीएम फ्रूटी, रॉयल स्टैग और किंगफिशर ब्रांड की बीयर शामिल हैं, जिन्हें आगामी दिनों में खपाने की योजना थी। पुलिस ने मौके से ही मुख्य धंधेबाज गोबरधन साह और उसके पुत्र मनीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा भारी मात्रा में शराब और परिवहन में प्रयुक्त वाहनों की जब्ती को इस क्षेत्र में शराब माफियाओं के खिलाफ एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

फिलहाल लौरिया थाना पुलिस गिरफ्तार पिता-पुत्र को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था। थानाध्यक्ष ने कहा कि इस धंधे से जुड़े पूरे सप्लाई नेटवर्क और अन्य तस्करों को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी जल्द ही सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आशीष की रिपोर्ट