बिहार-यूपी सीमा पर आग का तांडव, दो दर्जन घर राख, लाखों की संपत्ति खाक, चीख-पुकार से गूंजा इलाका

Bihar News: बिहार-यूपी सीमा पर देर शाम एक भीषण अग्निकांड ने ऐसा कहर बरपाया कि देखते ही देखते पूरा इलाका मातम और अफरा-तफरी में डूब गया।

बिहार-यूपी सीमा पर आग का तांडव- फोटो : reporter

Bihar News: बिहार-यूपी सीमा पर देर शाम एक भीषण अग्निकांड ने ऐसा कहर बरपाया कि देखते ही देखते पूरा इलाका मातम और अफरा-तफरी में डूब गया। प•चम्पारण के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत भितहा प्रखंड के डीही पकड़ी गांव में लगी इस आग ने तबाही का मंजर खड़ा कर दिया।

बताया जाता है कि आग की शुरुआत पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के बलुअड़वा (राजबंशी यादव टोला) से हुई, जो तेज हवा के चलते विकराल रूप लेते हुए बिहार की सीमा में दाखिल हो गई। कुछ ही पलों में आग की लपटों ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों राज्यों को मिलाकर दो दर्जन से अधिक घर जलकर राख हो गए, जबकि डीही पकड़ी गांव में ही करीब आधा दर्जन घर पूरी तरह खाक हो गए।

आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं के गुबार ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। हर तरफ चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है, क्योंकि उनके घरों में रखा अनाज, कपड़े, नगदी और जेवरात समेत लाखों की संपत्ति जलकर स्वाहा हो गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक नुकसान बहुत बड़ा हो चुका था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वाल्मीकिनगर के कांग्रेस विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि राहत सामग्री जल्द से जल्द प्रभावितों तक पहुंचाई जाए।

फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। यह अग्निकांड एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि सीमावर्ती इलाकों में आपदा से निपटने की तैयारी कितनी मजबूत है। फिलहाल, दर्जनों परिवार बेघर और बेसहारा हो चुके हैं, जिनकी निगाहें अब प्रशासन की राहत और मदद पर टिकी हैं।

रिपोर्ट- आशीष कुमार