गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला बेतिया का खजुरिया नंदटोला गांव, पारिवारिक विवाद में घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका

पश्चिम चंपारण जिले के साठी थाना क्षेत्र अंतर्गत खजुरिया नंदटोला गांव में शनिवार देर रात अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।पुलिस के अनुसार मामला पुराने पारिवारिक विवाद का बताया जा रहा है....

पश्चिम चंपारण जिले के खजुरिया नंदटोला गांव में ताबड़तोड़ फायरिंग- फोटो : दीपक परासर

Bettiah : पश्चिम चंपारण जिले से एक बड़ी सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां साठी थाना क्षेत्र के खजुरिया नंदटोला गांव में आज रविवार की अहले सुबह अज्ञात अपराधियों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। करीब आधा दर्जन राउंड गोलियां चलने की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) जयप्रकाश सिंह और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके से पांच खाली खोखे भी बरामद किए हैं।


पुराने पारिवारिक विवाद में वारदात को देने की आशंका, ससुराल पक्ष पर आरोप

प्रारंभिक जांच और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस गोलाबारी की घटना का मुख्य कारण एक पुराना पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। गांव के ही एक स्थानीय युवक चुन्नू पांडेय ने इस मामले में अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चुन्नू पांडेय का कहना है कि ससुराल के लोगों के साथ उनका पुराना विवाद चल रहा है और उन्हीं लोगों ने दहशत फैलाने और जान से मारने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस इस एंगल को ध्यान में रखकर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।


फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, वैज्ञानिक तरीके से हो रही है जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए बुलाई गई एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। गोलियां किस हथियार से चलाई गईं और फायरिंग करने वाले अपराधियों की लोकेशन क्या थी, इन तमाम बिंदुओं पर तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने खुद घटनास्थल का मुआयना कर साठी थाना पुलिस को अपराधियों की धरपकड़ के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।


लिखित आवेदन का इंतजार, थाना प्रभारी बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

मामले के संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। साठी थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा अभी तक औपचारिक रूप से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस को जैसे ही लिखित शिकायत (आवेदन) प्राप्त होती है, तुरंत नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने ग्रामीणों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।


धीरज परासर की रिपोर्ट