Bihar Road Accident:तेज रफ्तार का तांडव, फ्लाईओवर पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, तीन युवक गंभीर, हालत नाजुक

Bihar Road Accident: फ्लाईओवर पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।...

तेज रफ्तार का तांडव- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: पश्चिम चंपारण के रामनगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। रामनगर फ्लाईओवर पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक तेज गति से फ्लाईओवर पर आ रही थीं। इसी दौरान आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कुछ देर के लिए फ्लाईओवर पर यातायात भी प्रभावित रहा।

घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी राहुल गुप्ता और स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए घायलों को मोटरसाइकिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रामनगर पहुंचाया। वहां डॉ. मिथिलेश कुमार और डॉ. आशीष कुमार ने प्राथमिक उपचार किया।घायलों की पहचान बेला गोला निवासी लालबाबू चौरसिया के 22 वर्षीय पुत्र गुनगुन कुमार, चौरसिया नगर निवासी मोहम्मद सलमान तथा एम.डी. मुमताज खान के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच), बेतिया रेफर कर दिया गया।

डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि तीनों घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी स्थिति को देखते हुए तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया, ताकि उन्हें विशेषज्ञ इलाज मिल सके।इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने फ्लाईओवर पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और तेज रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

रिपोर्टर- आशीष कुमार