Bihar News: तेज हवाओं ने 40 से अधिक घर और दर्जनों पशु जलाकर किए राख, भीषण अग्निकांड ने गांव को दिया झकझोर, प्रभावितों को जल्द मिलेगी मदद
Bihar News: आग ने देखते ही देखते लगभग 40 से अधिक घरों को अपनी चपेट में ले लिया। घरों में रखा लाखों रुपए का सामान, अनाज और जरूरी सामग्री जलकर राख हो गया।...
Bihar News: प• चम्पारण जिले के चनपटिया प्रखंड अंतर्गत खैरवा टोला, चुहड़ी में शनिवार की रात्री एक भयानक अग्निकांड हुआ, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। यह घटना लगभग रात 11:45 बजे उस समय हुई, जब तेज हवा और आंधी चल रही थी। इसी हवा के थपेड़े ने मवेशियों के लिए जलाई गई घुरा से लगी आग को तेजी से पूरे गांव में फैलने का मौका दिया। आग ने देखते ही देखते लगभग 40 से अधिक घरों को अपनी चपेट में ले लिया। घरों में रखा लाखों रुपए का सामान, अनाज और जरूरी सामग्री जलकर राख हो गया। साथ ही कई पालतू मवेशी जैसे भैंस, गाय और बकरी भी जिंदा जल गए, जिससे ग्रामीणों को भारी आर्थिक और भावनात्मक क्षति उठानी पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, स्थानीय थाना पुलिस और 112 आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग सुबह तीन बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में प्रशासन का सहयोग किया। घटना के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रणव कुमार मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावितों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। वहीं, चनपटिया विधायक अभिषेक रंजन और स्थानीय मुखिया प्रभात कुमार भी पूरी रात घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई।
प्रशासन ने कहा कि अब नुकसान का आकलन कर राहत और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह अग्निकांड पूरे गांव के लिए एक झकझोर देने वाला अनुभव साबित हुआ है और इसे देखते हुए भविष्य में आग से सुरक्षा के इंतजाम और भी सख्त किए जाने की योजना बनाई जा रही है। यह घटना ग्रामीणों के लिए भावनात्मक और आर्थिक रूप से बेहद हानिकारक साबित हुई, लेकिन प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की त्वरित प्रतिक्रिया से राहत और बचाव कार्य समय पर संपन्न हो सका।
रिपोर्ट- आशीष कुमार