Bihar News : बेतिया में निगरानी विभाग की टीम ने घूसखोर दारोगा को किया गिरफ्तार, 4 हज़ार रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा

Bihar News : बेतिया में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिकारपुर थाना में पदस्थापित एएसआई उपेंद्र कुमार विद्यार्थी को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते किया रंगे हाथ गिरफ्तार किया.......पढ़िए आगे

घूसखोर दारोगा गिरफ्तार - फोटो : ASHISH

BETTIAH : पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने शिकारपुर थाने में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक उपेंद्र कुमार विद्यार्थी को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। घूसखोर पुलिस अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

निगरानी डीएसपी सतीश कुमार माधव के अनुसार, यह पूरा मामला बिजली चोरी से जुड़े एक केस में रिश्वत मांगने से संबंधित है। परिवादी अमृत कुमार के खिलाफ शिकारपुर थाने में कांड संख्या 794/26 दर्ज था, जिसके अनुसंधानकर्ता (IO) ASI उपेंद्र कुमार विद्यार्थी थे। मामले में राहत देने और जांच के नाम पर आरोपी एएसआई द्वारा चार हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

पीड़ित ने इस घूसखोरी की शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद निगरानी टीम ने घूसखोर अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए एक सुनियोजित रणनीति तैयार की। योजना के तहत निगरानी की विशेष टीम ने शिकारपुर स्थित हाईस्कूल चौक के आसपास घेराबंदी कर अपना जाल बिछा दिया। जैसे ही परिवादी ने तय योजना के अनुसार हाईस्कूल चौक के पास एएसआई उपेंद्र कुमार विद्यार्थी को 4 हजार रुपये की रिश्वत की रकम थमाई, पास में तैनात निगरानी की टीम ने तुरंत दबिश देकर उन्हें मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी अधिकारी के पास से रिश्वत के पैसे भी बरामद कर लिए गए।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम आरोपी एएसआई को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। थाने के आईओ स्तर के पुलिस पदाधिकारी पर निगरानी की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच भारी खलबली मच गई है।

आशीष की रिपोर्ट