SSB और बिहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7 किलो से अधिक वजनी भगवान बुद्ध की बेशकीमती प्रतिमा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, स्कूटी और मोबाइल जब्त

भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल और स्थानीय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मूर्ति तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास 7 किलो से अधिक वजनी भगवान बुद्ध की बेशकीमती प्रतिमा बरामद हुई है....

भगवान बुद्ध की बेशकीमती प्रतिमा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार- फोटो : आशिष

Bettiah : भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में तैनात 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) नरकटियागंज के कार्यक्षेत्र 'ई' समवाय मांगुराहा और बिहार पुलिस ने संयुक्त गश्त के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या-441 से लगभग 6.2 किलोमीटर अंदर भारतीय सीमा में चेकिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने संदिग्ध अवस्था में आ रहे स्कूटी सवार दो तस्करों को दबोच लिया।


रामनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं दोनों तस्कर

पकड़े गए तस्करों की पहचान साहिद अंसारी और सुद्दु खान के रूप में हुई है, जो दोनों पश्चिम चम्पारण जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। ये दोनों मांगुराहा सैनिक रोड की तरफ से स्कूटी पर सवार होकर आ रहे थे, जिन्हें सुरक्षा बलों ने शक होने पर रोककर तलाशी ली।


स्कूटी की सीट के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी भगवान बुद्ध की प्रतिमा

तस्करों की स्कूटी की जब बारीकी से तलाशी ली गई, तो उसकी सीट के नीचे से एक थैला बरामद हुआ। उस थैले की जांच करने पर उसमें पीली धातु से निर्मित भगवान गौतम बुद्ध की एक बहुमूल्य प्रतिमा मिली। जब्त की गई इस प्रतिमा का कुल वजन लगभग 7.705 किलोग्राम है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। इसके साथ ही तस्करों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।


मूर्ति को बेचकर भारी मुनाफा कमाने की फिराक में थे तस्कर

प्राथमिक पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई है कि ये तस्कर इस प्राचीन और बहुमूल्य मूर्ति को अवैध रूप से बाजार में खपाने और बेचकर मोटी रकम कमाने की फिराक में थे। हालांकि, एसएसबी और पुलिस की मुस्तैदी के कारण उनके ये नापाक मंसूबे धरे के धरे रह गए और वे समय रहते धरे गए।


गौनाहा थाना पुलिस को सुपुर्द किए गए आरोपी और जब्त सामान

एसएसबी के निरीक्षक/सामान्य अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई इस सफल कार्रवाई के बाद पकड़े गए दोनों तस्करों को बरामद भगवान बुद्ध की प्रतिमा, स्कूटी और मोबाइल फोन के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गौनाहा पुलिस थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।


आशिष की रिपोर्ट