Bihar News: सुगर मिल्स के फार्म में भीषण आग, 22 एकड़ का गन्ना जलकर हुआ खाक, किसानों में मचा हड़कंप
Bihar News:अचानक लगी भीषण आग ने किसानों और कर्मचारियों की नींद उड़ा दी। आग की लपटें इतनी प्रचंड थीं कि देखते ही देखते लगभग 22 एकड़ में लगे गन्ने पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
Bihar News: प•चम्पारण जिले के हरिनगर सुगर मिल्स के बेलौरा फार्म में अचानक लगी भीषण आग ने किसानों और कर्मचारियों की नींद उड़ा दी। आग की लपटें इतनी प्रचंड थीं कि देखते ही देखते लगभग 22 एकड़ में लगे गन्ने पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग की लपटों को देखकर आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल फैल गया।
सूत्रों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि स्थानीय दमकल विभाग को भी तुरंत तैनात होना पड़ा। ग्रामीणों और फार्म कर्मियों ने मिलकर आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की, और कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया गया।
हरिनगर सुगर मिल्स के जनरल फार्म मैनेजर मनन सिंह ने बताया कि आग अचानक लगी और इसके चलते फार्म में लगे गन्ने को भारी नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि आग में करीब पांच लाख रुपए का नुकसान हुआ है। इसके अलावा उन्होंने आग लगने की आशंका असमाजिक तत्वों की गतिविधियों से जोड़ी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय किसानों का कहना है कि इस आग से उनकी उम्मीदों पर गंभीर चोट लगी है, क्योंकि गन्ने की पैदावार पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
स्थानीय प्रशासन ने किसानों और फार्म के कर्मचारियों को आश्वासन दिया है कि आग लगने की वजहों की गहन जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में इस आग ने एक बार फिर कृषि क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी की आवश्यकता पर सवाल खड़ा कर दिया है। किसानों की चिंता यह भी है कि अगर भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम नहीं हुई, तो उनका आर्थिक नुकसान और बढ़ सकता है।
रिपोर्ट-आशिष कुमार