Bihar News: मोदी के 25 साल के जनसेवा सफर का जश्न, 17 सितंबर को हर घर जलेगा आशीर्वाद दीपक
Bihar News: पश्चिम चंपारण के भाजपा सांसद सह लोकसभा सचेतक डॉ. संजय जायसवाल ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी।
Bihar News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के सफर और समर्पण को लेकर पश्चिम चंपारण के भाजपा सांसद सह लोकसभा सचेतक डॉ. संजय जायसवाल ने शनिवार को बेतिया स्थित अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी। सांसद ने देशवासियों से अपील की कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री की लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए अपने घरों में उनके नाम का आशीर्वाद दीपक जलाएं।
डॉ. जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा को राष्ट्रसेवा का माध्यम बनाया है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2014 से पहले और बाद के भारत में बड़ा फर्क आया है। उनके मुताबिक पहले बिजली आने-जाने का कोई ठिकाना नहीं रहता था, जबकि आज विद्युत आपूर्ति में व्यापक सुधार हुआ है। इसी तरह उज्ज्वला योजना के जरिए गरीब परिवारों तक गैस कनेक्शन पहुंचाया गया है।उन्होंने कहा कि पहले राशन व्यवस्था में भ्रष्टाचार और अनियमितता की शिकायतें आम थीं, लेकिन अब बायोमेट्रिक व्यवस्था के जरिए जरूरतमंदों तक मुफ्त राशन पहुंचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री साल के 365 दिन देश के विकास और तरक्की के लिए काम करते हैं। सांसद ने प्रधानमंत्री की कार्यशैली की तारीफ करते हुए कहा कि विदेश यात्रा से लौटने के बाद भी वह बिना आराम किए अपने दायित्वों में जुट जाते हैं।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवा, कारोबारी, किसान और रेहड़ी-पटरी वालों के लिए भी विभिन्न योजनाएं शुरू की हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि, मुद्रा योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के जरिए लोगों को स्वरोजगार और आर्थिक मदद उपलब्ध कराई गई है।उन्होंने युवाओं से जिले में चल रहे इनोवेशन चैलेंज में हिस्सा लेने की अपील की। चयनित मॉडलों को आगे बिहार और दिल्ली स्तर की प्रतियोगिताओं में भेजे जाने तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सरकारी प्रोत्साहन और शोध के लिए सहायता दिए जाने की बात कही। डॉ. जायसवाल ने बताया कि उच्च माध्यमिक और उच्चतर विद्यालयों में भाषण, चित्र और पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। युवाओं से पूछा जाएगा कि वे 2047 में कैसा विकसित भारत देखना चाहते हैं। उनकी कल्पनाओं और सुझावों को भविष्य की योजनाओं में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 17 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा के साथ कार्यक्रमों का समापन होगा। देश के गांवों, कस्बों और मोहल्लों से यात्रा निकालकर प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा।प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार के पूर्व मंत्री सह नौतन विधायक नारायण साह, चनपटिया के पूर्व विधायक उमाकांत सिंह समेत भाजपा के जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- आशीष कुमार