Bihar News : बेतिया में फायरिंग कर दहशत फैलाना बदमाशों को पड़ा महंगा, कुख्यात शूटर रवि मियां और भू-माफिया धीरज शुक्ला समेत तीन को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bihar News : बेतिया पुलिस ने 24 घंटे के अंदर तीन कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. जिनसे एक कट्टा और दो मोबाइल बरामद किया गया है.........पढ़िए आगे

कुख्यात शूटर गिरफ्तार - फोटो : ASHISH

BETTIAH : पश्चिम चंपारण के बेतिया में बिहार सरकार की पुलिस को चुनौती देना अपराधियों को बेहद महंगा पड़ गया है। बेतिया पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 24 घंटे के अंदर तीन कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अपराधियों में कुख्यात शूटर रवि मियां, भू-माफिया धीरज शुक्ला और राजा कुमार शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक कट्टा, जिंदा गोली और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। बेतिया एसपी डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर की गई इस त्वरित कार्रवाई ने अपराधियों के मंसूबों पर पूरी तरह पानी फेर दिया है।

दरअसल, यह पूरा मामला रंगदारी और जमीन कब्जे की नीयत से की गई फायरिंग से जुड़ा है। कल सुबह बेतिया के गुरुवलिया चौक पर अपराधियों ने लव मिश्रा नामक व्यक्ति के घर पर तीन राउंड फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। घटना के बाद बेतिया एसपी डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर यातायात डीएसपी अत्तनू दत्ता के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी अनुसंधान के जरिए जाल बिछाया और 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपियों को दबोच लिया।

मामले का खुलासा करते हुए बेतिया यातायात डीएसपी अत्तनू दत्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस पूरी खौफनाक साजिश के पीछे करोड़ों रुपये की जमीन को ओने-पौने दाम में हड़पने का विवाद था। भू-माफिया धीरज शुक्ला, लव मिश्रा की करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये मूल्य की कीमती जमीन को महज सात लाख रुपये में जबरन लेना चाहता था। लव मिश्रा को डराने, धमकाने और इलाके में अपनी दहशत कायम करने के उद्देश्य से ही भू-माफिया ने कुख्यात शूटर रवि मियां को मोटी रकम देकर इस फायरिंग की वारदात को अंजाम दिलवाया था।

वारदात को अंजाम देने के बाद शूटर रवि मियां और भू-माफिया धीरज शुक्ला जिला छोड़कर फरार हो गए थे। सूत्रों के अनुसार, बेतिया पुलिस की टीम ने इन शातिरों की गिरफ्तारी के लिए जेल तक में छापेमारी की और आखिरकार अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर इन्हें धर दबोचा। डीएसपी अत्तनू दत्ता ने गर्व से कहा कि एसपी डॉ. शौर्य सुमन के कुशल नेतृत्व में बेतिया पुलिस का हर जवान 'सिंघम' की तरह मुस्तैद है और पुलिस अपराध की किसी भी घटना का 24 घंटे के अंदर उद्भेदन करने में पूरी तरह सक्षम है।

इस घटना में शामिल दो अन्य अपराधी टिप्पू मियां और कन्हैया फिलहाल फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। गौरतलब है कि बिहार सरकार ने राज्य की जनता को आश्वस्त किया था कि किसी भी बड़े अपराध का 48 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया जाएगा। बेतिया पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस हाईप्रोफाइल मामले का पर्दाफाश कर सरकार के दावों पर मजबूती से मुहर लगा दी है, जिससे स्थानीय व्यवसायियों और आम जनता ने राहत की सांस ली है।

आशीष की रिपोर्ट