Bihar News : भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने की बड़ी कार्रवाई, 2 किलो से अधिक चरस के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार

Bihar News : भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में इनरवा एसएसबी ने कार्रवाई करते हुए दो किलो 80 ग्राम चरस के साथ एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतर्राष्ट्रीय कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है....पढ़िए आगे

लाखों की चरस बरामद - फोटो : ASHISH

BETTIAH : भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में इनरवा एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) ने तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसबी जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो किलो 80 ग्राम चरस के साथ एक कथित तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। सुरक्षा बलों ने चरस की इस खेप के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक को भी जब्त कर लिया है।

मामले की जानकारी देते हुए इनरवा एसएसबी कैंप के असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार ने बताया कि सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की अवैध आवाजाही पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि सीमा पार से चरस की एक बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसबी जवानों ने त्वरित कार्रवाई की और छठिया घाट के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।

सघन जांच अभियान के दौरान ही बाइक पर सवार होकर आ रहे एक संदिग्ध युवक को एसएसबी जवानों ने रोका। युवक की गतिविधियों पर संदेह होने पर जब उसकी बाइक की गहन तलाशी ली गई, तो उसकी डिक्की में छिपाकर रखा गया दो किलो 80 ग्राम चरस बरामद हुआ। चरस बरामद होते ही एसएसबी ने तुरंत युवक को हिरासत में ले लिया और बाइक समेत चरस को अपने कब्जे में ले लिया।

एसएसबी की पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर की पहचान बलथर थाना क्षेत्र निवासी धुरेन्द्र राउत के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, सीमावर्ती इलाकों में नशीले पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई गई है। इनरवा एसएसबी ने जब्ती सूची तैयार कर कानूनी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद चरस, बाइक और गिरफ्तार तस्कर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए इनरवा थाना पुलिस को सौंप दिया है।

आशीष की रिपोर्ट