Bihar News : 'बाप चलावे सैलून बेटी दिखावे बैलून' गाने पर नाई समाज का भड़का गुस्सा, गायक के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी

सोशल मिडिया पर अश्लील गाना अपलोड करने को लेकर बेतिया नाई संघ के जिला संयोजक मृत्युंजय कुमार उर्फ ओम ठाकुर ने बेतिया नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.....जानिए पूरा मामला

अश्लील गाने पर एफआईआर - फोटो : ASHISH

Bettiah : सोशल मीडिया पर नाई समाज और उनके व्यवसाय को निशाना बनाकर अश्लील गाना गाने और उसे अपलोड करने के मामले में पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। यह प्राथमिकी बेतिया नाई संघ के जिला संयोजक मृत्युंजय कुमार उर्फ ओम ठाकुर के लिखित आवेदन पर दर्ज की गई है। आरोपी गायक की पहचान हाजीपुर (वैशाली) निवासी गणेश 'लाजवाब' यादव के रूप में हुई है।

'बाप चलावे सैलून बेटी दिखावे बैलून' गाने पर भड़का गुस्सा

मामले की जानकारी देते हुए नाई संघ के जिला संयोजक मृत्युंजय ठाकुर ने बताया कि हाजीपुर निवासी गायक गणेश लाजवाब यादव ने नाई समाज, उनकी जाति और पारंपरिक व्यवसाय को लक्षित करते हुए "बाप चलावे सैलून बेटी दिखावे बैलून" शीर्षक से एक अत्यंत अश्लील और अमर्यादित गाना गाया है। इस गाने को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से अपलोड कराया गया है, जिससे पूरे नाई समाज की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

जाति और व्यवसाय को बदनाम करने का आरोप

मृत्युंजय ठाकुर ने कहा कि ऐसे फूहड़ और अशोभनीय गानों के माध्यम से एक पूरे सम्मानजनक समाज और उनके रोजी-रोटी के साधन को जानबूझकर नीचा दिखाने व बदनाम करने की साजिश की गई है। उन्होंने कहा कि कला के नाम पर इस तरह की अभद्रता और अश्लीलता को समाज में किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग

नाई संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार, पुलिस प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाई है कि समाज में वैमनस्य और अश्लीलता फैलाने वाले ऐसे गायकों के खिलाफ अविलंब कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने आरोपी गायक गणेश लाजवाब यादव को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है ताकि भविष्य में कोई भी कलाकार किसी समाज या जाति विशेष पर टिप्पणी करने से बाज आए।

पुलिस ने शुरू की मामले की छानबीन

बेतिया नगर थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित संबंधित वीडियो/ऑडियो और सामग्री की जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

आशीष की रिपोर्ट