Bihar News : बेतिया में तीन मौतें, सड़क हादसे में पत्नी ने तोड़ा दम तो शिवचर्चा के दौरान करंट से व्यवसायी की गई जान

Bihar News : बेतिया के लौरिया थाना क्षेत्र में सोमवार को तीन अलग-अलग घटनाओं में एक विवाहिता सहित तीन लोगों की मौत हो गई। सड़क हादसा, बिजली करंट और संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौतों से पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया.....पढ़िए आगे

हादसे में तीन की मौत - फोटो : ASHISH

BETTIAH : पश्चिम चंपारण जिले का लौरिया थाना क्षेत्र सोमवार को तीन दुखद घटनाओं से दहल उठा। सड़क हादसा, करंट की चपेट में आने और संदिग्ध परिस्थिति में मौत की घटनाओं ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। इन हादसों में एक चीनी मिल कर्मी की पत्नी, एक टेंट व्यवसायी और एक विवाहिता की जान चली गई। पहली घटना व्यासपुर-नरकटियागंज मुख्य मार्ग पर हुई। पुरुषोत्तमपुर निवासी और चीनी मिल कर्मी धर्मेश श्रीवास्तव अपनी पत्नी निक्की देवी (40 वर्ष) के साथ बाइक से ससुराल से लौट रहे थे। इसी बीच, सड़क पर अचानक पीछे से दौड़ रहे एक कुत्ते से घबराकर निक्की देवी का संतुलन बिगड़ गया और वह चलती बाइक से गिर गईं। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस अचानक हुए हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दूसरी घटना कटैया गांव की है, जहाँ एक टेंट व्यवसायी गुड्डू साह (35 वर्ष) की जान बिजली की चपेट में आने से चली गई। बताया जाता है कि गांव में आयोजित शिवचर्चा कार्यक्रम की तैयारी के दौरान गुड्डू बिजली का कनेक्शन जोड़ रहे थे। इसी दौरान वे हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुड्डू की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

तीसरी घटना नगर पंचायत के वार्ड संख्या 5, गंडक रोड स्थित एक घर की है, जहाँ 26 वर्षीय विवाहिता अंजली उर्फ दीक्षा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका पाया गया। इस मामले ने तब तूल पकड़ लिया जब मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया और हत्या का आरोप लगाया। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।

लौरिया थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है। विवाहिता के मामले में फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सड़क हादसे और करंट की घटना की जांच के साथ-साथ विवाहिता की मौत के मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर गंभीरता से छानबीन कर रही है। 

आशीष की रिपोर्ट