बगहा में बवाल: अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम पर हमला, जेसीबी फूंकी, कई घायल
बगहा से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) के वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र में वन भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने गई टीम पर ग्रामीणों ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। घटना में कई लोग घायल हुए है....
Bagha : बगहा स्थित वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) के वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र में वन भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने गई टीम पर ग्रामीणों ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। ठाड़ी गांव के समीप धनहिया इलाके में वन विभाग, स्थानीय प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम जैसे ही जमीन खाली कराने पहुंची, वैसे ही स्थानीय लोग विरोध पर उतर आए। देखते ही देखते यह विरोध उग्र और हिंसक झड़प में तब्दील हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में भारी तनाव फैल गया।
महिलाओं और ग्रामीणों ने टीम को घेरा, जेसीबी को किया आग के हवाले
मिली जानकारी के मुताबिक, वन विभाग की टीम जैसे ही प्रशासनिक अमले के साथ कार्रवाई करने के लिए जमीन पर उतरी, वैसे ही बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और ग्रामीण एकजुट हो गए। शुरुआत में उन्होंने टीम के काम को रोकने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो भीड़ पूरी तरह उग्र हो गई। आक्रोशित भीड़ ने पूरी संयुक्त टीम को चारों तरफ से घेर लिया और जमकर हंगामा किया। इसी बीच उपद्रवियों ने अतिक्रमण हटाने के काम में लगी एक जेसीबी (JCB) मशीन को आग के हवाले कर दिया।
वनकर्मियों समेत आधा दर्जन लोग घायल, मौके पर मंगाया गया अतिरिक्त बल
इस हिंसक झड़प और पथराव में वनकर्मियों तथा स्थानीय ग्रामीणों समेत करीब आधा दर्जन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। घटना की भयावहता और बिगड़ते हालात को देखते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत जिला मुख्यालय को इसकी सूचना दी। स्थिति अनियंत्रित होते देख तुरंत ही अतिरिक्त पुलिस फोर्स और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर रवाना किया गया, ताकि स्थिति को काबू में लाया जा सके।
प्रशासन ने टीम को सुरक्षित निकाला, पूरे इलाके में छावनी जैसा माहौल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत धनहिया पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सूझबूझ से काम लिया और उग्र लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद चारों तरफ से घिरी वन विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल और वनकर्मियों की तैनाती कर दी गई है, जिससे गांव छावनी में तब्दील हो गया है।
कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, जारी रहेगा अभियान
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि तत्काल किए गए पुलिस हस्तक्षेप के बाद फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है। वन विभाग के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तैयार की जा रही है। प्रशासन ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान रुकने वाला नहीं है, और पुलिस पर हमला करने तथा कानून हाथ में लेने वाले उपद्रवियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
धीरज परासर की रिपोर्ट