पश्चिम चंपारण में युवती के कथित अपहरण विवाद में खूनी संघर्ष, पुलिस ने दो लोगों को हिरासत मे लिया
Bettiah : पश्चिम चंपारण जिले के दक्षिण पंचायत के एक गांव में युवती के अपहरण के मामले को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब पांच दिन पहले एक गांव से शादी की नीयत से युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया था। इस घटना के ठीक एक दिन पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें युवती अपनी मर्जी से शादी करने की बात कह रही थी, हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि कोई मीडिया संस्थान नहीं करता है।
युवती के अपहरण के बाद से ही लड़की पक्ष के लोग लगातार लड़का पक्ष पर युवती को वापस लौटने का दबाव बना रहे थे। इसी रंजिश और बढ़ते तनाव के बीच गुरुवार को लड़का पक्ष के लोगों द्वारा तीखी नोकझोंक के बाद मारपीट की गई, जिसमें एक महिला के गंभीर रूप से जख्मी होने की बात सामने आई है। घटना का यह हिंसक वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है। लड़की की मां के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने पहले ही संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर लिया था और मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी थी। ताजा मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता की जांच करने के साथ-साथ दोनों पक्षों के दावों की गहराई से पड़ताल कर रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है और प्रशासनिक अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर कड़ी नजर रखे हुए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
आशीष की रिपोर्ट