नेपाल में मूसलाधार बारिश से गंडक नदी का जलस्तर बढ़ा, वाल्मीकिनगर बराज पर हाई अलर्ट जारी

नेपाल के तराई और पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बगहा स्थित गंडक नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है। वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज समेत निचले और तटीय इलाकों में प्रशासन द्वारा हाई अलर्ट जारी किया है....

वाल्मीकिनगर बराज पर हाई अलर्ट जारी- फोटो : आशीष

Bettiah : पश्चिम चंपारण जिले के बगहा क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नेपाल के तराई और पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। नदी में आए इस उफान को देखते हुए वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज समेत तमाम निचले और तटीय इलाकों में प्रशासन द्वारा हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। नेपाल में मौसम विभाग द्वारा अगले चार दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है, जिससे सीमावर्ती इलाकों में एक बार फिर बाढ़ का भयावह खतरा मंडराने लगा है।


बराज से 1.34 लाख क्यूसेक से अधिक पानी डिस्चार्ज, 24 घंटे एक्टिव मोड में कंट्रोल रूम गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए वाल्मीकिनगर गंडक बराज से शाम छह बजे 1 लाख 34 हजार क्यूसेक से अधिक पानी डिस्चार्ज किया गया। नेपाल के पहाड़ी और जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते आने वाले दिनों में पानी का यह डिस्चार्ज और अधिक बढ़ने की पूरी संभावना है। 


खतरे की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने गंडक बराज के सभी नियंत्रण कक्षों (कंट्रोल रूम) को 24 घंटे एक्टिव मोड में रहने के सख्त निर्देश दिए हैं, ताकि स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा सके।


तटबंधों पर बढ़ा पानी का दबाव, डीएम तरनजोत सिंह ने दिए सतत निगरानी के निर्देश 

बराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण गंडक नदी के सुरक्षा तटबंधों पर भी जल का दबाव काफी बढ़ गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पश्चिम चंपारण के जिला पदाधिकारी (DM) तरनजोत सिंह ने जल संसाधन विभाग के अभियंताओं को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। डीएम ने अभियंताओं की विशेष टीम को कटाव निरोधी संवेदनशील स्थलों की सतत निगरानी करने को कहा है। 


फिलहाल जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर हालात का जायजा ले रहे हैं।

आशीष की रिपोर्ट