liquor smuggling: चेसिस में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब, पुलिस ने खोला तस्करों का बड़ा राज, 119.7 लीटर अंग्रेजी दारू जब्त

liquor smuggling: पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने NH-727 पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप मैजिक के चेसिस में छिपाकर ले जाई जा रही 119.7 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की।

liquor smuggling: पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 119.7 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने वाहन मालिक और चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब को पिकअप मैजिक वाहन के चेसिस में विशेष तरीके से छिपाकर ले जाया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, लौरिया पुलिस शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी दौरान लौरिया-बगहा एनएच-727 पर बेलवा मोड़ के पास नियमित वाहन जांच की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने एक पिकअप मैजिक वाहन को रुकने का संकेत दिया। पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया।

वाहन की तलाशी पर पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली

वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली। पिकअप मैजिक के चेसिस में छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। पुलिस ने 180 एमएल की एट पीएम फ्रूटी पैक अंग्रेजी शराब की 590 बोतलें और 375 एमएल की रॉयल स्टेज ब्रांड की 36 बोतलें बरामद कीं। कुल मिलाकर 119.7 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई। पुलिस ने मौके से वाहन को जब्त कर लिया और दो लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शनीचरी थाना क्षेत्र के बेलबागी निवासी वाहन मालिक इन्द्रजीत मुखिया तथा मझौलिया थाना क्षेत्र के डुमरी महनवा निवासी चालक राजू मुखिया के रूप में हुई है।

पुलिस ने पिकअप किया जब्त

पुलिस ने जब्त पिकअप मैजिक वाहन (बीआर-22जीसी-7190) को अपने कब्जे में लेकर दोनों आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है लौरिया पुलिस का कहना है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प•चम्पारण बेतिया आशिष कुमार