Bihar News: दांत दर्द का इलाज कराने पहुंची महिला की मौत, इंजेक्शन के बाद बिगड़ी तबीयत, डॉक्टर शाहिद अख्तर पर लापरवाही का आरोप

Bihar News:दांत दर्द का इलाज कराने पहुंची एक महिला की निजी अस्पताल में मौत के बाद हंगामा मच गया।...

दांत दर्द का इलाज कराने पहुंची महिला की मौत- फोटो : reporter

Bihar News: पश्चिम चंपारण के शिकारपुर थाना क्षेत्र में दांत दर्द का इलाज कराने पहुंची एक महिला की निजी अस्पताल में मौत के बाद हंगामा मच गया। मलदी गांव निवासी सुनरपति देवी की उपचार के दौरान तबीयत बिगड़ गई थी। परिजनों ने चिकित्सक डॉ. शाहिद अख्तर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। हालांकि महिला की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है और मामले की जांच जरूरी बताई जा रही है।

परिजनों के मुताबिक सुनरपति देवी दांत में दर्द की शिकायत लेकर शिवगंज स्थित निजी अस्पताल में इलाज कराने पहुंची थीं। वहां चिकित्सक शाहिद अख्तर ने उनका उपचार शुरू किया। इसी दौरान महिला को एक इंजेक्शन लगाया गया। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई।

हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में नरकटियागंज अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक रजनीकांत ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार महिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुकी थी।

मृतका के पति झुन्ना सहनी ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी को केवल सामान्य दांत दर्द की शिकायत थी। इलाज के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और कुछ ही देर में मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि निजी अस्पताल की ओर से इलाज से संबंधित पर्ची देने में आनाकानी की गई और विरोध के बाद केवल मरीज का नाम लिखी पर्ची दी गई।

घटना के बाद परिजनों ने कथित चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। महिला की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। मामले में मौत के कारण और उपचार के दौरान हुई परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच से ही वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

रिपोर्ट- आशीष कुमार