Bihar Education News:शिक्षकों के वेतन से लेकर स्कूलों की बदलेगी सूरत,गुरु जी को शिक्षा विभाग ने दी ये चेतावनी

Bihar Education News: शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने और विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल कायम करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कई अहम कदम उठाए हैं।

शिक्षकों को चेतावनी- फोटो : reporter

Bihar Education News: भागलपुर जिले की शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने और विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल कायम करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकेश कुमार ने कई अहम कदम उठाए हैं। शिक्षा विभाग में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आने के बाद शिक्षकों के वेतन भुगतान पर भी असर पड़ा था। दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों पर वेतन नहीं मिलने से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ा। डीईओ का पदभार संभालने के बाद मुकेश कुमार ने मामले को प्राथमिकता देते हुए दस्तावेज पूरे करने वाले शिक्षकों का लंबित वेतन भुगतान कराया। जिनके कागजात अधूरे हैं, उनके भुगतान की प्रक्रिया जारी है।

विद्यालयों की बदहाल सूरत संवारने के लिए कायाकल्प अभियान के तहत मरम्मत, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का काम तेज कर दिया गया है। मकसद बच्चों को बेहतर बुनियादी सुविधाओं के साथ स्वच्छ और खुशनुमा शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।

डीईओ ने सरकारी सेवा में रहते हुए निजी शिक्षण संस्थान चलाने वाले शिक्षकों को सख्त हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों की शिकायत मिलने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। कक्षा में मोबाइल के इस्तेमाल पर भी उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि शिक्षक पढ़ाई के दौरान अनावश्यक मोबाइल से परहेज करें और बच्चों की तालीम पर पूरा ध्यान दें।

मुख्यमंत्री के संकल्प के तहत नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए शाम में विशेष कक्षाएं भी संचालित होंगी। बरारी उच्च विद्यालय और जिला स्कूल में 17 नवंबर से 31 मार्च तक रोजाना दो से ढाई घंटे अतिरिक्त पढ़ाई कराई जाएगी। इस पहल का मकसद विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देना और उनकी शैक्षणिक बुनियाद मजबूत करना है।

रिपोर्ट- बालमुकुंद शर्मा