नाथनगर CTC पारण परेड के बाद वर्दी में अधिकारी के पैर छूने की तस्वीर वायरल, मद्य निषेध उपायुक्त पर उठे सवाल

बिहार के भागलपुर स्थित नाथनगर CTC में मद्य निषेध सिपाहियों की पारण परेड के बाद वर्दी में उपायुक्त सुरेन्द्र प्रसाद के पैर छूने की तस्वीर सामने आई है। सैल्यूट के बजाय चरण स्पर्श को लेकर उठे सवाल और समारोह की पूरी जानकारी पढ़ें।

पारण परेड के बाद वर्दी में चरण स्पर्श की तस्वीर से मचा बवाल, उठ रहे कई सवाल- फोटो : news 4 nation

बिहार के भागलपुर स्थित नाथनगर सीटीसी (CTC)में नवनियुक्त मद्य निषेध सिपाहियों की पारण परेड के बाद एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें महिला और पुरुष सिपाही वर्दी में ही मद्य निषेध उपायुक्त सुरेन्द्र प्रसाद के पैर छूते दिख रहे हैं। पारंपरिक सैल्यूट के बजाय सार्वजनिक कार्यक्रम स्थल पर चरण स्पर्श कराए जाने को लेकर विभाग और आम लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।


प्रशिक्षण समापन के बाद आयोजित पारण परेड

जानकारी के अनुसार, नाथनगर सीटीसी में मद्य निषेध विभाग के नवनियुक्त सिपाहियों का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद 22 नवंबर को पारण परेड आयोजित की गई थी। इस समारोह में भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के साथ सचिवालय स्तर से मद्य निषेध उपायुक्त सुरेन्द्र प्रसाद भी शामिल हुए थे। परेड संपन्न होने के बाद सामने आई तस्वीरों में उपायुक्त को नव नियुक्त सिपाहियों से चरण स्पर्श करवाते हुए देखा गया, जिससे यह पूरा मामला सुर्खियों में आ गया।


मर्यादा और पारदर्शिता पर खड़े हुए कई सवाल

इन तस्वीरों के वायरल होने के बाद विभागीय मर्यादा और पारदर्शिता को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि वर्दी में मौजूद जवान वरिष्ठ अधिकारी को सैल्यूट कर सम्मान दे सकते थे, ऐसे में पैर छुए जाने की क्या आवश्यकता थी। साथ ही यह भी सवाल उठाए जा रहे हैं कि क्या इनमें से कुछ सिपाही अधिकारी के परिचित या रिश्तेदार हैं, और यदि ऐसा है तो क्या समारोह स्थल पर इस तरह चरण स्पर्श कराया जाना उचित है।


एसएसपी ने परेड का निरीक्षण कर दिया कर्तव्य का संदेश

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण किया और प्रशिक्षु सिपाहियों के अनुशासन व प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने जवानों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ काम करने का संदेश दिया तथा कहा कि मद्य निषेध कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने और समाज को नशामुक्त बनाने में उनकी अहम भूमिका रहेगी।


प्रशिक्षण की बारीकियों और उत्कृष्ट कर्मियों का सम्मान

प्रशिक्षण अवधि के दौरान नवनियुक्त सिपाहियों को ड्रिल, परेड, शस्त्र संचालन, दंगा नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और मद्य निषेध कानूनों से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई थी। पारण परेड के अवसर पर प्रशिक्षण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सिपाहियों के साथ-साथ उत्कृष्ट योगदान देने वाले अनुदेशकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।