Bihar Politics: तेजस्वी यादव की दो विधायकों की सदस्यता पर आपत्ति, हाईकोर्ट जाने की तैयारी

Bihar Politics: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नए सदस्यों के शपथ ग्रहण के बाद दो विधायकों की सदस्यता को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। ...

Tejashwi Yadav
तेजस्वी यादव की दो विधायकों की सदस्यता पर आपत्ति- फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नए सदस्यों के शपथ ग्रहण के बाद दो विधायकों की सदस्यता को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी पार्टी को दो व्यक्तियों की सदस्यता पर सख्त एतराज है। इन दोनों मामलों में नियमों और कानूनी प्रावधानों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए तेजस्वी ने साफ कर दिया कि राष्ट्रीय जनता दल इस मुद्दे पर खामोश बैठने वाला नहीं है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि नए सदस्यों ने शपथ ली है, उन सभी को हमारी ओर से शुभकामनाएं हैं, लेकिन हमारी आपत्ति दो लोगों को लेकर है। इन दोनों व्यक्तियों की सदस्यता को लेकर हमारी पार्टी का स्पष्ट स्टैंड है। इस मामले में पार्टी के नेता और कानूनी जानकार लगातार विचार-विमर्श कर रहे हैं। वकीलों से बातचीत की जा रही है, ताकि तमाम कानूनी पहलुओं और विधानसभा की नियमावली के आधार पर अगला कदम उठाया जा सके।

नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि बहुत जल्द एक बार फिर विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष शिकायत लेकर जाएंगे। यदि वहां से उचित कार्रवाई नहीं होती है तो पटना हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि कानून और नियमावली के मुताबिक दोनों व्यक्तियों की सदस्यता समाप्त होगी।

तेजस्वी के इस बयान से बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज होने के आसार हैं। विपक्ष इस मुद्दे को कानूनी और संवैधानिक लड़ाई के रूप में आगे बढ़ाने की तैयारी में है। अब सबकी निगाहें विधानसभा अध्यक्ष के संभावित फैसले और पटना हाईकोर्ट में उठाए जाने वाले अगले कदम पर टिकी हैं।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह