Bihar News : परिसीमन बिल पर गिरिराज सिंह का विपक्ष पर तीखा हमला, कहा- भारत विरोधियों की टूलकिट बने विरोध करनेवाले

Bihar News : परिसीमन बिल को लेकर देश की राजनीति में जारी घमासान के बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्षी दलों पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा की.......

विपक्ष पर बरसे गिरिराज सिंह - फोटो : ANJANI

BHAGALPUR : परिसीमन बिल को लेकर देश की सियासत में जारी घमासान के बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला है। भागलपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने परिसीमन को समय की जरूरत बताते हुए कहा कि इससे महिला आरक्षण को प्रभावी बनाने के साथ लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने का रास्ता भी साफ होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रस्ताव का विरोध करने वाले राजनीतिक दल महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़े हैं। 

विपक्ष पर हमला

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सवाल उठाया कि आखिर परिसीमन को लेकर विपक्ष इतना विरोध क्यों कर रहा है? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह मॉडल उत्तर भारत और दक्षिण भारत, दोनों के लिए फायदेमंद है। जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं, उन्हें महिला विरोधी समझा जाएगा। 

बेगूसराय का उदाहरण देकर समझाई परिसीमन की जरूरत

केंद्रीय मंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां करीब 40 लाख की आबादी और 22 से 23 लाख मतदाता हैं। इतनी बड़ी आबादी के बीच एक सांसद के लिए प्रत्येक गांव तक पहुंचना और लोगों की समस्याओं को सुनना बेहद मुश्किल हो जाता है। ऐसे में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाना जरूरी है, ताकि जनप्रतिनिधियों पर काम का दबाव कम हो और जनता की आवाज संसद तक बेहतर तरीके से पहुंच सके। 

विपक्ष पर तंज

इसी दौरान उन्होंने भोजपुरी अंदाज में तंज कसते हुए कहा, "अपन ब्याह नहीं, सूरदास के बरतुहारी करे चलल हैं।" इस टिप्पणी के जरिए उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उनके बयान को गैरजरूरी करार देने की कोशिश की। फिलहाल परिसीमन बिल को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी तेज है। भागलपुर से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का यह बयान अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

अंजनी कश्यप की रिपोर्ट