Bihar Good Governance Day: सुशासन दिवस पर रेत से साकार हुआ विकास का संदेश, नीतीश कुमार ने थपथपाई सैंड आर्टिस्ट की पीठ
Bihar Good Governance Day:सुशासन दिवस के मौके पर राजधानी पटना स्थित जनता दल यूनाइटेड कार्यालय परिसर में कला और सियासत का अनूठा संगम देखने को मिला। ...
Bihar Good Governance Day:सुशासन दिवस के मौके पर राजधानी पटना स्थित जनता दल यूनाइटेड कार्यालय परिसर में कला और सियासत का अनूठा संगम देखने को मिला। विश्वप्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने करीब 30 टन बालू से ऐसी विशाल कलाकृति तैयार की, जिसने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर आम लोगों तक का ध्यान खींच लिया। रेत पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार की 10 फीट ऊंची तथा 20 फीट लंबी भव्य आकृति उकेरी गई। इसके साथ ही कलाकार ने ‘बिहार का सर्वांगीण विकास’ का पैगाम भी दिया। सुशासन दिवस के उद्घाटन समारोह में पहुंचे नीतीश कुमार ने सबसे पहले इस कलाकृति का दीदार किया। अपनी तस्वीर और विकास योजनाओं की झलक देखकर वे काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कलाकार की पीठ थपथपाई और उनके हुनर की खुलकर तारीफ की। नीतीश कुमार ने कहा कि मधुरेंद्र बिहार के अलग-अलग इलाकों में बालू के जरिए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश लोगों तक पहुंचाते रहते हैं। उन्होंने कलाकार को मुबारकबाद देते हुए इसी तरह बेहतर काम जारी रखने की हौसलाअफजाई की।
जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने भी इस शानदार प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने नीतीश कुमार को कलाकृति में दर्शाए गए विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी अपने पिता की विशाल सैंड आर्ट प्रतिमा देखकर अभिभूत नजर आए। उन्होंने कलाकार से हाथ मिलाया, पीठ थपथपाई और उनकी मेहनत की तारीफ की।
कलाकृति में बिहार का नक्शा आकर्षक रंगों और तस्वीरों से सजाया गया था। इसमें सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, डिजिटल बिहार, नल-जल और छात्राओं की साइकिल योजना को प्रमुखता से जगह मिली। साथ ही ‘बिहार का सर्वांगीण विकास’ और ‘नीतीश कुमार बिहार के विकास पुरुष’ जैसे संदेश भी उकेरे गए।
मधुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस विशाल सैंड आर्ट को तैयार करने में करीब 12 घंटे का लगातार परिश्रम लगा। इसमें 30 टन बालू का इस्तेमाल हुआ। कलाकार के मुताबिक, उनका मकसद कला के माध्यम से बिहार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों को आम अवाम तक पहुंचाना है। फिलहाल यह कलाकृति जदयू कार्यालय में लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
रिपोर्ट- बाल मुकुंद कुमार