Bihar Police: रिश्वत लेते महिला SI का वीडियो वायरल, कटहरा थाने की नेहा सिन्हा सस्पेंड, जांच में आरोप सही मिले, खाकी पर फिर लगा धब्बा

Bihar Police:बिहार पुलिस की वर्दी पर एक बार फिर रिश्वतखोरी के आरोप से सवाल खड़े हो गए हैं। ...

Bihar Police: रिश्वत लेते महिला SI का वीडियो वायरल, कटहरा था
महिला SI सस्पेंड- फोटो : reporter

Bihar Police:बिहार पुलिस की वर्दी पर एक बार फिर रिश्वतखोरी के आरोप से सवाल खड़े हो गए हैं। वैशाली जिले के कटहरा थाने में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर नेहा सिन्हा का कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में रुपये के लेन-देन का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मामला अधिकारियों तक पहुंचा तो जांच कराई गई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसएसपी शुभांक मिश्रा ने महिला एसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इसमें महिला पुलिस पदाधिकारी एक व्यक्ति से रुपये लेते हुए दिखाई दे रही हैं। वीडियो में दो हजार रुपये के लेन-देन की चर्चा भी सुनाई दे रही है। जिस स्थान पर यह कथित लेन-देन हुआ, उसे कटहरा थाना परिसर के समीप स्थित चौकीदार शेड बताया जा रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई। जांच के दौरान वायरल वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की पड़ताल की गई। जांच में मामला सत्य पाए जाने के बाद एसएसपी शुभांक मिश्रा ने विभागीय कार्रवाई करते हुए महिला एसआई नेहा सिन्हा को निलंबित कर दिया।

इस पूरे मामले को एक युवती की बरामदगी से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इलाके में चर्चा है कि वीडियो में रुपये देने वाला व्यक्ति अपनी बेटी की बरामदगी को लेकर महिला एसआई के संपर्क में था। बताया जाता है कि जुलाई महीने में युवती के अपहरण को लेकर कटहरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले की जांच यानी अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई नेहा सिन्हा को दी गई थी।

चर्चा यह भी है कि इसी केस में बेटी की बरामदगी को लेकर कथित तौर पर रुपये का लेन-देन हुआ था। हालांकि, दो हजार रुपये किस काम के लिए दिए गए थे और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इस पहलू की पुष्टि के लिए आगे की जांच अहम होगी।

फिलहाल वीडियो वायरल होने और जांच में मामला सही पाए जाने के बाद महिला एसआई पर निलंबन की गाज गिर चुकी है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में जवाबदेही और कार्यशैली को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभागीय जांच में आगे क्या तथ्य सामने आते हैं।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार