Bihar Crime : भागलपुर में गैंगवार ! पिता की हत्या का बदला लेने के लिए बेटे ने मारी गोली, 16 साल से जारी है 'खून के बदले खून' की जंग
Bihar Crime : पिता की हत्या का बदला लेने के लिए बेटे ने आरोपी को गोली मार दी. यह अदावत पिछले 16 वर्षों से लगातार जारी है......पढ़िए आगे
BHAGALPUR : जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनंदनपुर गांव गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। यहाँ आपसी वर्चस्व और पुरानी रंजिश में अपराधियों ने मदन यादव नामक व्यक्ति को घेरकर गोलियां बरसा दीं। घायल मदन यादव को गंभीर हालत में भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (JLNMCH) में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी है, जिसकी जड़ें 16 साल पुरानी दुश्मनी से जुड़ी हैं।
बदले की आग: 2010 से शुरू हुआ मौतों का सिलसिला
घटना की पृष्ठभूमि बेहद खूनी रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस विवाद की शुरुआत वर्ष 2010 में हुई थी, जब जमीन विवाद में मदन यादव ने राजेंद्र यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस हत्या का बदला लेने के लिए राजेंद्र यादव के पुत्र विनोद यादव के गुर्गों ने वर्ष 2013 में मदन यादव के बेटे ब्रज बिहारी गौतम उर्फ बिट्टू यादव की बेरहमी से हत्या कर दी। तब से दोनों परिवारों के बीच 'खून के बदले खून' का सिलसिला चल रहा है।
ताजा विवाद और गोलीबारी की वजह
अस्पताल में दिए बयान में घायल मदन यादव ने बताया कि वह अपने बेटे की हत्या के केस को लड़ने पर अड़ा था। आरोपी विनोद यादव और पिंटू उर्फ बहरा यादव लगातार केस उठाने की धमकी दे रहे थे। हाल के दिनों में मदन यादव द्वारा विनोद यादव के घर पर पत्थरबाजी करने की बात भी सामने आई है, जिससे तनाव चरम पर पहुँच गया था। इसी रंजिश में विनोद, बहरा, प्रदीप, छोटू और राजेश समेत अन्य ने मदन को घेर लिया और फायरिंग कर दी। गोली मदन के दाहिने हाथ में लगी, जिससे उसकी जान तो बच गई लेकिन स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई और घटनास्थल का मुआयना
वारदात की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुँची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा (खाली कारतूस) बरामद किया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की सटीक लोकेशन का पता चल सके। थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला लंबे समय से चली आ रही आपसी रंजिश और बदले की भावना का प्रतीत होता है।
गाँव में तनाव, पुलिस कैंप तैनात
इस गोलीबारी के बाद शिवनंदनपुर गांव में भारी तनाव व्याप्त है। किसी भी संभावित अप्रिय घटना या जवाबी हमले को रोकने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी अपराधी सलाखों के पीछे होंगे।
बालमुकुन्द की रिपोर्ट