Bihar News: भागलपुर वालों के लिए बड़ी खबर, सुल्तानगंज-अगुवानी पुल इतने महीने में हो जाएगा तैयार, 2023 में हुआ था ध्वस्त

Bihar News: भागलपुर में गंगा नदी पर बन रहे सुल्तानगंज-अगुवानी पुल का निर्माण इतने महीनों में कर लिया जाएगा। निर्माण कार्य से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है।...

Sultanganj Aguwani bridge
Sultanganj Aguwani bridge- फोटो : social media

Bihar News: बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर बन रहे सुल्तानगंज-अगुवानी पुल का निर्माणाधीन हिस्सा गिरने से इस पुल के पूरा होने का इंतजार कर रहे लोगों को गहरा झटका लगा। पिछले आठ महीनों से पुल के सुपर स्ट्रक्चर का निर्माण कार्य ठप पड़ा था, लेकिन अब यह कार्य अगले महीने से दोबारा शुरू होने जा रहा है। साथ ही, पुल निर्माण की समयसीमा को लेकर भी नई जानकारी सामने आई है।

पुल निर्माण की मौजूदा स्थिति

4 जून 2023 को पुल के पिलर नंबर 10, 11 और 12 का सुपर स्ट्रक्चर गिर गया था, जिसके बाद निर्माण कार्य बंद कर दिया गया। लेकिन अब अगले महीने से एक बार फिर निर्माण कार्य शुरु होने जा रहा है। दरअसल, यह पुल 2015 में बनना शुरू हुआ था और 2019 तक पूरा होना था, लेकिन दो बार ढहने के कारण इसका निर्माण बाधित हुआ। अब डिजाइन अप्रूवल मिलने के बाद ही सुपर स्ट्रक्चर का कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा। फिलहाल, गिरे हुए हिस्से के कुएं की सफाई युद्धस्तर पर जारी है।

मार्च के बाद तेज गति से होगा निर्माण कार्य

सुल्तानगंज के विधायक ललित नारायण मंडल ने पुल निर्माण निगम के वरीय अधिकारियों से बात की और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि मार्च से पुल निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ेगा। सबसे पहले कुएं की सफाई और फाउंडेशन का काम पूरा किया जाएगा, इसके बाद मुख्य संरचना (सुपर स्ट्रक्चर) का निर्माण शुरू होगा। डिजाइन तय हो चुका है और अगले 18 महीनों में पुल का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

उत्तर और दक्षिण बिहार की दूरी होगी कम

सुल्तानगंज-अगुवानी गंगा पुल के निर्माण से उत्तर और दक्षिण बिहार की दूरी कम हो जाएगी। यह पुल भागलपुर जिले के सुल्तानगंज और खगड़िया के अगुवानी को जोड़ेगा, जिससे हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। स्थानीय लोग लंबे समय से इस पुल के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सुपर स्ट्रक्चर गिरने की घटनाओं से उनकी उम्मीदों को झटका लगा था। अब, निर्माण कार्य में तेजी आने से एक बार फिर पुल के शीघ्र पूरा होने की संभावना बढ़ गई है।

Editor's Picks