Bihar News: बिहार के वोटर लिस्ट में दो पाकिस्तानी महिलाओं का नाम, SIR के बीच हुआ ऐसा खुलासा कि अधिकारियों के उड़े होश

Bihar News: भागलपुर में पाकिस्तान से आई दो महिलाओं के वोटर कार्ड बन गए हैं। वोटर लिस्ट में महिलाओं के नाम आने के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। गृह मंत्रालय की जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ है।

पाकिस्तानी महिलाओं का वोटर लिस्ट में नाम - फोटो : social media

Bihar News:  बिहार विधानसभा चुनाव से पहले चल रहे वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बीच चौंकाने वाला मामला सामने आया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की जांच में खुलासा हुआ है कि भागलपुर में पाकिस्तान से आई दो महिलाओं के नाम पर मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी) बना दिया गया। गृह मंत्रालय ने वीजा अवधि से अधिक समय तक भारत में अवैध रूप से ठहरे विदेशी नागरिकों की जांच शुरू की थी।

भागलपुर में तीन पाकिस्तानी नागरिक

इस दौरान भागलपुर में तीन पाकिस्तानी नागरिकों के रहने की पुष्टि हुई। इनमें से दो महिलाएं इमराना खानम उर्फ इमराना खातून (पिता इबतुल हसन) और फिरदौसिया खानम (पति मोहम्मद तफजील अहमद) इशाकचक थाना क्षेत्र के भीखनपुर गुमटी नंबर 3 टैंक लेन में रह रही थीं। दोनों के नाम पर मतदाता सूची में प्रविष्टियां मिलीं। 

नाम हटाने की प्रक्रिया शुरु

स्पेशल ब्रांच की रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय पहुंचते ही हड़कंप मच गया। इसके बाद एसएसपी स्तर पर जांच कराई गई, जिसमें वोटर आईडी बनने की पुष्टि हुई। डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि दोनों पाकिस्तानी महिलाओं का नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच में यह भी सामने आया कि फिरदौसिया खानम 19 जनवरी 1956 को 3 महीने के वीजा पर भारत आई थीं। 

डीएम ने दिया जांच का आदेश 

इमराना 3 साल के वीजा पर आई थीं। तीसरे पाक नागरिक मोहम्मद असलम 24 मई 2002 को 2 साल के वीजा पर भारत आए थे। उसने आधार कार्ड भी बनवा लिया था। स्पेशल ब्रांच के एसपी ने भागलपुर के डीएम और एसएसपी से विस्तृत रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई का आदेश मांगा है।